स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जिले में पुलिसिंग को हाईटेक करने की दिशा में बुधवार को एक और कदम बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को हाईटेक करने के लिए शुरू की गई तीन योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके तहत न सिर्फ बॉडी वोर्न कैमरे प्रदान किए गए बल्कि मोबाइल सर्विलांस सिस्टम युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही 200 से ज्यादा स्थानों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए) की भी औपचारिक शुरुआत की गई।
पुलिस लाइन में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चार पुलिसकर्मियों को बॉडी वोर्न कैमरे प्रदान किए। इससे पहले उन्होंने शहर में 206 स्थानों पर लगे पीए सिस्टम की शुरुआत ऑनलाइन की। सीएम के कंप्यूटर स्क्रीन पर क्लिक करते ही अलग-अलग स्थानों पर लगे पीए सिस्टम एक साथ काम करने लगे। यही नहीं उन्होंने मोबाइल सर्विलंास सिस्टम से लैस पीआवी व पुलिस वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान उन्होंने कहा कि 35 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई इन योजनाओं का लोकार्पण कर इसे प्रयागराजवासियों को समर्पित करते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य न सिर्फ शहर के लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है बल्कि 2024 के महाकुंभ के लिए जनपद को पूर्णतया स्मार्ट सिटी बनाना है।
यह भी कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि 2024 तक आमजनों, अफसरों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस उद्देश्य की प्राप्ति में सफलता जरूर मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया। इनमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक, सिदर्थ नाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्त नंदी, सांसद विनेाद सोनकर, महापौर अभिलाषा गुप्ता शामिल रहीं।
सात मिनट ही दे सके सीएम
बेहद व्यस्त कार्यक्रम के चलते मुख्यमंत्री पुलिस लाइन में आयोजित लोकार्पण समारोह में महज सात मिनट का ही वक्त दे सके। वह शाम 4.10 मिनट पर पुलिस लाइन परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद तीन मिनट तक उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित किया। ठीक 4.17 मिनट पर सीएम मंच से उतरकर वापस अपने वाहन पर सवार होकर पुलिस लाइन ग्राउंड में बने हेलीपैड पर पहुंचे। जहां से कुछ देर बाद वह हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
समय के अभाव में सिर्फ चार को मिला अवसर
मुख्यमंत्री के पास समयाभाव होने के कारण उनसे मिलने का अवसर महज चार ही पुलिसकर्मियों को मिल पाया जबकि इसके लिए कुल 16 लोग चिह्नित किए गए थे। इनमें धूमनगंज में अपर प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात सुधीर कुमार सोनी, एसआई वंदना यादव, अजय कुमार मिश्र व आरक्षी सुनील कुमार शामिल रहे। अफसरों ने बताया कि समय कम होने के चलते ऐसा हुआ।
मंच पर नहीं गए सिद्धार्थनाथ
लोकार्पण कार्यक्रम में एक खास बात यह रही कि मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह मंच पर नहीं गए। मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम केशव, मंत्री बृजेश पाठक व नंदी के अलावा सांसद विनोद सोनकर व महापौर भी मंच पर पहुंचे। लेकिन सिद्धार्थनाथ मंच के बाईं ओर बनी सीढिय़ों के पास ही खड़े रहे। उनका मंच पर न पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा।