पांच वर्ष पूर्व वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी ने प्रयागराज के अंदावा में आयोजित चुनावी सभा में निषादराज की धरती को नमन कहने के साथ अपने भाषण की शुरूआत की थी। उसका असर यह रहा कि चुनाव में भाजपा को निषादों के वोट अच्छी तादाद में मिले।
ठीक उसी तर्ज पर पांच वर्ष बाद पीएम मोदी बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचे। हालांकि इस बार सभा अंदावा की जगह फाफामऊ बेला कछार में हुई, लेकिन इस बार भी पीएम ने अपने भाषण की शुरूआत में ही निषादराज और प्रभु श्रीराम की मित्रता का जिक्र किया और कहा कि हम निषादराज के बिना प्रभुराम की कल्पना नहीं कर सकते।
अपने 34 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने निषादों के साथ कुर्मी एवं पिछड़ी जाति के वोटरों को साधने के लिए तरकश के तकरीबन सभी तीर एक-एक कर निकाले। उन्होंने निषाद पार्टी के संजय निषाद को जहां अपना मित्र बताया तो वहीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पिता स्वर्गीय सोनेलाल पटेल को भी याद किया।
दरअसल, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में कुर्मी और निषाद वोटरों की अच्छी संख्या है। इस वजह से चुनाव में यह वोट निर्णायक साबित होते हैं। इसी वजह से पीएम ने अपने भाषण में निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद और अपना दल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का नाम कई बार लिया। सोनेलाल पटेल को लेकर उन्होंने कहा कि वह अक्सर गुजरात आया करते थे। वह लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के अनन्य भक्त थे। गुजरात की अमूल डेयरी के काम को देखने समझने आते थे। वह जब भी आते थे मुझे भी उनसे मिलने का सौभाग्य मिलता था।
सोनेलाल जब भी आए, गरीबों, पिछड़ों की बात, सबके कल्याण की बात करते थे। संजय निषाद से भी मुझे जब भी बात करने का मौका मिला, उन्होंने समाज के कल्याण की ही बात कही। अभी यहां आने के दौरान भी जब उनसे बात हुई तो उन्होंने सब वर्गों की भलाई की बात मुझसे की।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद को मोदी ने बताया अपना परम मित्र
भाजपा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पिछड़ी जाति के पोस्टर ब्वॉय माने जाते हैं। बृहस्पतिवार को हुई जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कई बार नाम लिया। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य को अपना परम मित्र बताया।
कहा कि प्रयागराज की धरती का यह सपूत सीएम योगी, अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद के साथ प्रदेश की तरक्की एवं विकास के लिए दिन रात काम कर रहा है। दरअसल फाफामऊ, सोरांव समेत कई विधानसभा सीट में मौर्य बिरादरी के वोटरों की अच्छी संख्या है। केशव की प्रशंसा कर पीएम ने एक बड़े तबके को साधा।