चंद्रशेखर आजाद पार्क के अलावा आनंद भवन, स्वराज भवन और बड़े हनुमान मंदिर परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया गया है। बोतल में पानी और चिप्स के पैकेट आदि भी नहीं ले जा सकेंगे। सरकार की ओर से इन तीनों परिसरों के अलावा चंद्रशेखर आजाद पार्क को विरासत स्थल घोषित किया गया है। इसी क्रम में चारों स्थलों पर प्लास्टिक ले जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
चंद्रशेखर आजाद पार्क में यह प्रतिबंध पहले से लागू है। अन्य स्थलों पर भी जांच शुरू कर दी गई है। अपर नगर आयुक्त रत्न प्रिया ने बताया कि इन स्थलों को पॉलिथीन मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है।
गेट पर मिलेंगे कागज के थैले एवं टोकन
इन चारों स्थलों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। अकेले चंद्रशेखर आजाद पार्क में ही पांच से छह हजार लोग आते हैं। आनंद भवन एवं स्वराज भवन में भी रोजाना एक हजार से अधिक लोग आते हैं। इनकी सुविधा को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।
बोतल में पानी ले जाने वालों को गेट पर जमानत राशि लेकर टोकन दिया जाएगा। इसके बाद बोतल ले जा सकेंगे। वापसी में बोतल लाने वालों को यह राशि वापस कर दी जाएगी। इसके अलावा गेट पर कागज के पैकेट भी रखे जाएंगे। चिप्स आदि सामान उस थैले में रखकर प्लास्टिक के पैकेट डस्ट बिन में डालने होंगे।