prayagraj news : माघ मेले की तैयारी जोरशोर से चल रही है।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संक्रमण काल में माघ मेला क्षेत्र में कोविड की जांच तो होगी ही श्रद्धालुओं का बेहतर उपचार भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। मेला क्षेत्र में कुल 12 अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। जिनमें 20 बेड के दो तथा एक बेड के दस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होंगे। 10 मोबाइल टीमें भी रहेंगी। मेले के लिए सीएमएस, चिकित्साधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक माघ मेला क्षेत्र में कोरोना संक्रमण जांच के लिए रणनीति बनाई गई है। वहीं श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र में स्थापित अस्पतालों में पांच जनवरी से इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। परामर्श, दवा के साथ गंभीर मरीजों को भर्ती करने की सुविधा होगी।
अति गंभीर मरीजों को शहर के अस्पतालों में विशेष वार्डों में रेफर कर बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। योजना के मुताबिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एडी हेल्थ को पत्र भेजा गया है। वहीं डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस, दवाओं से संबंधित तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।