फूलपुर उपचुनाव : पहले दिन एक भी नामांकन नहीं, 16 लोग ले गए फार्म
फूलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हुआ। शुक्रवार को 16 लोग नामांकन फार्म ले गए। इनमें बसपा के शिवबरन भी शामिल रहे। भाजपा से उम्मीदवारी का दावा करते हुए समीर त्रिपाठी निराला भी फार्म ले गए, हालांकि भाजपा ने अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
फार्म ले जाने वालों में समीर त्रिपाठी, शिवबरन, हरिश्चंद्र अग्रवाल, जय सिंह यादव, योगेश कुमार कुशवाहा, मो. नसीम हाशमी, शाहिद खां, कृष्णचंद्र विश्वकर्मा, ख्वाजा नवशाद अहमद, अतुल कुमार, विकास सिंह, सर्वेश कुमार मिश्रा, शिवा सेठ, गायत्री पटेल, शोभा देवी, और रमेश चंद्र वैश्य शामिल रहे।
वहीं, हेलीकॉप्टर तथा लक्ष्मी टॉकीज चौराहे पर बैरिकेडिंग करके चारपहिया वाहनों को रोक दिया गया था, हालांकि नामांकन करने कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में कलेक्ट्रेट के सामने से दोपहिया वाहनों को जाने दिया गया।
बसपा के शिवबरन सोमवार को कर सकते हैं नामांकन
बसपा प्रत्याशी शिवबरन सोमवार को नामांकन कर सकते हैं। शुक्रवार को शिवबरन के प्रतिनिधि के तौर पर राजकुमार उनका नामांकन फाॅर्म ले गए।
सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी बुधवार को करेंगे नामांकन
फूलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने घोषित प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी को अपना सिंबल दे दिया है। मुज्तबा 23 अक्तूबर बुधवार को नामांकन करेंगे। सपा प्रत्याशी ने शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों से मुलाकात की।
सपा मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शनिवार को चुनाव तैयारियों के संबंध में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उपचुनाव के लिए एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक संदीप पटेल, पूर्व प्रत्याशी लोकसभा अमर नाथ सिंह मौर्य और जौनपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. अवध पाल को सह प्रभारी बनाया गया है।