केंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल और डीजल पर से एक्साइज ड्यूटी घटाने के चलते प्रयागराज में पेट्रोल के दाम में पांच रुपये और डीजल के दाम में दस रुपये कमी कर दी गई है। नई कीमतें रात 12 बजे से कम करने का फरमान था लेकिन अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुबह छह बजे के बाद नए मूल्य पर तेल दिया गया। बताया गया कि रोज सुबह छह बजे ही अपडेट होता है।
प्रयागराज में पेट्रोल करीब 106.99 और डीजल करीब करीब 98.87 रुपये लीटर बिक रहा था। केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद पेट्रोल 100.99 और डीजल का दाम करीब 87.20 रुपया हो गया है। बताया जा रहा है कि यूपी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर से वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) भी हटा सकती है। यदि वैट घटा तो पेट्रोल-डीजल के दाम एक-एक रुपये और घटेंगे।
पेट्रोल डीजल का दाम बढ़ने के कारण महंगाई काफी हद तक बढ़ रही थी। ट्रांसपोर्ट के खर्च के अलावा सवारी वाहनों ने भी यात्रियों से अधिक भाड़ा वसूलना शुरू कर दिया था। इससे लोगों की जेब ज्यादा ढीली हो रही थी। मालवाहनों द्वारा भाड़ा बढ़ाए जाने के कारण अनाज, फल, सब्जी, दूध, अंडा सहित बाहर से आने वाले सामानों की कीमत में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही थी। उम्मीद की जा रही है कि पेट्रोल डीजल के दाम घटने पर लोगों को कुछ सहूलियत मिलेगी और खाद्य पदार्थों, वाहन भाड़ा और सब्जी के दामों पर कुछ हद तक नियंत्रण लगेगा।