सोरांव थाना क्षेत्र के गधिना गांव में रहीम (10) की लाश नहर की पुलिया पर मिलने से सनसनी फैल गई। किसी धारदार हथियार से उसका गला रेता गया था। बालक अपने पिता को ढूंढने के लिए निकला था, जो दवा लेने के लिए निकले थे और काफी देर बीत जाने के बाद घर नहीं लौटे थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गधिना गांव निवासी वकील अहमद के दो बेटे और दो बेटियां हैं। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। वकील बुधवार को दवा लेने के लिए पास के क्लिनिक के लिए निकला था, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटा। परिवार के लोग काफी परेशान थे। परिवार के लोगों ने रहीम को को खोजने के लिए भेजा था, लेकिन उसका भी कहीं पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह खनीनार पुलिया के पास रहीम की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर गांव वालों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जाता है कि शव से कुछ दूर पर खून से सना चाकू भी बरामद हुआ है। दिवाली पर बलि देने की भी चर्चा होती रही। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।