14 साल पहले बीटेक करने के दौरान हुई थी मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, मास्टरमाइंड राजीव नयन ने गिरफ्तार कर जेल भेजने से पहले पूछताछ में बताया है कि सुभाष प्रकाश से उसकी मुलाकात 14 साल पहले 2010 में हुई थी। तब वह भोपाल में स्थित सत्य साईं यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक कर रहा था। साथ ही वहीं महर्षि पतंजलि योग केंद्र के पास रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुभाष प्रकाश व उसके दोस्त अतुल वत्स से हुई। दोनों भोपाल के विभिन्न कॉलेजों में रुपये लेकर एडमिशन कराने का काम करते थे।
उन्होंने पैसे कमाने का लालच देकर राजीव नयन को भी मिला लिया। फिर एडमिशन रैकेट के बाद धीरे-धीरे पेपर लीक कराने में लग गए। उधर अतुल वत्स ने राजीव नयन की मुलाकात डॉ.शरद सिंह से कराई और फिर शरद के जरिये वह रवि अत्री से मिला, जो सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के दो मुख्य अभियुक्तों में से एक है। फिलहाल, सुभाष व डॉ. शरद की नोएडा से लेकर भोपाल तक तलाश जारी है।
प्रयागराज लाया जा सकता है मास्टरमाइंड
मेरठ पुलिस ने रविवार को राजीव नयन को कस्टडी रिमांड पर लिया है। कोर्ट ने छह दिन के लिए उसकी कस्टडी रिमांड मंजूर की है। सूत्राें का कहना है कि राजीव को पीसीआर के दौरान रीवा व प्रयागराज लाया जा सकता है। दरअसल, प्रयागराज में आरोग्यम हॉस्पिटल व रीवा स्थित एक रिसॉर्ट में अभ्यर्थियों को पेपर रटवाने की बात सामने आई है। रीवा में सिपाही भर्ती, जबकि प्रयागराज में आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर रटवाने का आरोप है।