जिले में कोरोना संक्रमित पाई गई महिला निजी अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थी। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जवाहर लाल नेहरू रोड स्थित पंचशील हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही वहां तीन डॉक्टर सहित 20 से अधिक चिकित्सकीय स्टॉफ को क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा कमला नेहरू अस्पताल की ओपीडी को भी सील कर दिया गया है।
कोरांव के नेवढ़िया इलाके की कोरोना पॉजिटिव महिला दो दिन पहले कमला नेहरू अस्पताल में दिखाने गई थी। वहां डॉक्टरों ने कोविड जांच कराने को कहा था। इसके बाद महिला जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित पंचशील अस्पताल चली गई। वहां दो दिनों तक भर्ती रही। उसकी कोविड की जांच निजी लैब में कराई गई। सुबह उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया।
इसके बाद पंचशील अस्पताल को सील कर तीन डॉक्टर सहित 20 पैरामेडिकल स्टॉफ को क्वारंटीन करा दिया गया। कमला नेहरू अस्पताल में जिस ओपीडी में महिला गई थी। उसे भी सील कर दिया गया है। इसके अलावा शाहगंज के गढ़ी कला इलाके के 32 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव आया है। उसका कोई यात्रा इतिहास पता नहीं चला है। उसे एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।