एनटीपीसी मेजा की नीतियों का विरोध,सड़क पर उतरे संविदा कर्मी
कोहड़ारघाट। पारिश्रमिक न बढ़ाए जाने के विरोध में सोमवार को एनटीपीसी मेजा उर्जा निगम के अधीन काम करने वाली आकालोजिस्टिक कंपनी के संविदा श्रमिकों ने नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान श्रमिकों ने गेट नंबर एक पर धरना दिया। प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना था कि बीते दो वर्षों से उनकी मजदूरी नहीं बढ़ाई गई है। जबकि, आकालोजिस्टिक के अन्य कर्मचारियों का मानदेय हर वर्ष बढ़ाया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
गेट नंबर-एक पर धरनास्थल पर हुई सभा में मजदूर नेताओं का कहना था कि संविदा कर्मियों से ओवरटाइम ड्टूटी कराई जाती है, लेकिन इसका पूरा पारिश्रमित नहीं दिया जाता। कोई अवकाश भी नहीं मिलता। संविदा कर्मियों की ओर से दिए गए ज्ञापन में पांच बातें प्रमुखता से शामिल हैं। इसमें सौ रुपए प्रतिदिन के हिसाब से पारिश्रमिक बढ़ाने, ओटी डबल करने, छुट्टी का पैसा दिलाने, ईएल/सीएल देने तथा बैगन खोलने के लिए सेंट मैन फिक्स करने की बातें शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से लगातार श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने चेताया कि जबतक मांगे पूरी नहीं हो जातीं, तब तक अनिश्चितकाल के लिए उनका धरना- प्रदर्शन जारी रहेगा। एनटीपीसी के अफसर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि संबंधित कंपनी के उच्चाधिकारियों से बात कर समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।