दो दिन में दो लाख की बीयर खपेगी
आबकारी विभाग के आंकड़ों के हिसाब से देखा जाए तो इस बार होली पर दो दिनों में बीयर की भी दो लाख रुपये से ज्यादा की बिक्री का अनुमान है। दरअसल पिछले साल मार्च में बीयर की कुल 13500 केन बिकीं। 130 रुपये की औसत कीमत के हिसाब से कुल 17 लाख रुपये की बिक्री पिछले साल मार्च में हुई।
अगर मौजूदा साल में भी बिक्री का आंकड़ा पिछले साल की ही तरह रहता है कि इस बार भी 10 फीसदी इजाफे के साथ दो दिनों में बीयर की एक हजार से ज्यादा (लभगग 1300) केन बिक जाएंगी। इस तरह से औसत कीमत के आधार पर ही अनुमान लगाया जाए तो होली पर लगभग दो लाख की बीयर शौकीन गटक जाएंगे।
जमकर ओवररेटिंग, 100 रुपये अतिरिक्त वसूले गए
उधर होली पर बंदी से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को शराब की दुकानों पर मारामारी जैसी स्थिति रही। शौकीनों की सुबह से ही भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने इसका जमकर फायदा भी उठाया और ओवररेटिंग भी की। भीड़ के चलते एक-एक बोतल पर 80-100 रुपये तक अतिरिक्त वसूले गए।
अन्य इलाकों को छोड़िए सिविल लाइंस जैसे पॉश इलाके में भी हॉट स्टफ, एमजी रोड, स्टैनली रोड, एसपी मार्ग, सरोजनी नायडू मार्ग पर स्थित दुकानों पर खरीदारों से अवैध वसूली की गई। एक दिन बंदी के चलते मजबूरन खरीदारों को भी जेब ढीली करनी पड़ी। अफसरों का दावा खोखला ही साबित हुआ और सेक्टर प्रभारी भी ओवररेटिंग पर आंखें मूंदकर बैठे रहे।