सूबेदारगंज-देहरादून एक्सप्रेस।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रयागराज से देहरादून का सफर शनिवार से मुश्किल भरा होने जा रहा है। संगमनगरी से देहरादून को जाने वाली एक मात्र लगातार छह दिन सूबेदारगंज की बजाय कानपुर से चलेगी। रेलवे के इस निर्णय से देहरादून, हरिद्वार, लक्सर, मुरादाबाद, चंदौसी जाने वाले लोगों को खासी परेशानी हो सकती है। लोगों की परेशानी को देखते हुए डीआरयूसीसी सदस्य ने मांग की है कि नौ से 14 सितंबर तक देहरादून एक्सप्रेस बमरौली स्टेशन से चलाई जाए।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज मंडल सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य किया जाना है। इस वजह से सूबेदारगंज स्टेशन से चलने वाली कुछ ट्रेनों को जहां आंशिक रूप से निरस्त किया गया है तो वहीं कुछ के स्टेशन को परिवर्तित किया गया है। जिन ट्रेनों के स्टेशन बदले गए है उसमें 14113/14114 सूबेदारगंज-देहरादून एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। नौ से 14 सितंबर तक देहरादून एक्सप्रेस को कानपुर से चलाने का निर्णय लिया गया है। ऐेसे में जिन लोगों का रिजर्वेशन देहरादून एक्सप्रेस में था वे खासे निराश हैं।
मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) सदस्य पवन श्रीवास्तव का कहना है कि यार्ड रिमॉडलिंग की वजह से सूबेदारगंज स्टेशन से चलने वाली कुछ ट्रेनों को प्रयागराज जंक्शन, छिवकी एवं बमरौली में शिफ्ट किया गया है। इसी तर्ज पर देहरादून एक्सप्रेस भी बमरौली या प्रयागराज जंक्शन शिफ्ट की जाए। उसे कानपुर से चलाना सही नहीं है। रेलवे इस संबंध में उचित निर्णय ले। ताकि यहां से देहरादून, हरिद्वार की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।