उमेश पाल हत्याकांड के बाद नैनी जेल प्रशासन माफिया अतीक अहमद व माफिया मुख्तार अंसारी के गैंग सदस्यों पर पैनी निगाह बनाए हुए है। उनकी मुलाकात व गतिविधियों पर शासन स्तर पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में जेल प्रशासन जेल में बंद कुख्यात अपराधियों की एक लिस्ट तैयार कर रहा है। इसमें अतीक व मुख्तार गैंग से जुड़े कई अपराधियों के नाम है। इस लिस्ट में जो नाम शामिल किए जाएंगे, उनकी मुलाकात जेल प्रशासन एलआईयू की मौजूदगी में कराएगा।
अभी तक कश्मीरी, उग्रवादी, बांग्लादेशी बंदियों की ही मुलाकात एलआईयू की मौजूदगी में होती थी। उनकी मुलाकात के साथ बातचीत की पूरी जानकारी एलआईयू जिला पुलिस व जेल प्रशासन को दिया करता था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शशि कांत सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन कुख्यात अपराधियों की लिस्ट तैयार कर रहा है। अभी तक 21 बंदियों को इस लिस्ट के लिए चिह्नित किया गया है। इनकी लिस्ट बनाकर जेल मुख्यालय व जिला पुलिस को भेजी जाएगी। लिस्ट में शामिल बंदियों की मुलाकात एलआईयू की मौजूदगी में कराई जाएगी।
अपनी बैरक में गुमसुम रहता है अली अहमद
माफिया अतीक अहमद का बेटा अली अहमद उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही काफी बेचैन है। 30 बंदियों की क्षमता वाली बैरक में अकेले बंद अली अब काफी गुमसुम रहने लगा है। उस पर निगरानी के लिए चार लंबरदार के साथ दो बंदी रक्षक व एक बॉडी वार्न कैमरे से लैस सिपाही की बैरक में ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन, उसकी बेचैनी इतनी बढ़ गई है कि वह दिन भर अपनी बैरक में टहल कर समय काटता है। अन्य बंदियों से अलग होने के कारण वह बंदी रक्षकों से ही अपने परिवार के सदस्यों और सहयोगियों पर हो रही कार्रवाई की जानकारी ले रहा है। वहीं, जेल प्रशासन उस पर 24 घंटे निगाह बनाए हुए है। साथ ही जेल अधिकारी जेल खुलने व जेल बंद होने के समय अली के बैरक की नियमित तलाशी ले रहे हैं।