शाइस्ता की तलाश में शहर में कई जगह दबिश, बढ़ सकता है इनाम
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की तलाश में सोमवार को कई जगह दबिश दी गई। उनका कुछ पता नहीं चला। हत्याकांड की जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही है, शाइस्ता की भी भूमिका सामने आ रही है। ऐसे में पुलिस उन पर भी इनाम बढ़ा सकती है। शाइस्ता पर इस समय 25 हजार का इनाम है। उन पर पहले पचास फिर ढाई लाख का इनाम घोषित किया जा सकता है। उमेश पाल हत्याकांड में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही शाइस्ता परवीन लापता हैं। उन्होंने अपने वकीलों के माध्यम से कई हाईकोर्ट और जिला न्यायालय में कई याचिकाएं दाखिल की हैं। पुलिस उन्हें लगातार ढूंढ रही है। साबिर के साथ सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद शाइस्ता की तलाश तेज कर दी गई। सोमवार को कई मुहल्लों में अतीक के रिश्तेदारों के घर खोजा गया लेकिन कोई लोकेशन नहीं मिली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाइस्ता पर अब जल्द इनाम बढ़ाया जाएगा।