इलाहाबाद संसदीय सीट के कांग्रेस उम्मीदवार योगेश शुक्ला ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पांच सवाल पूछे। साथ ही पीएम पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि इलाहाबाद में कांग्रेस से मिल रही टक्कर से घबराकर पीएम को हफ्ते भर में दूसरी बार इलाहाबाद में प्रचार के लिए आना पड़ा।
दोपहर बाद सिविल लाइंस में पत्रकारों से बातचीत में योगेश ने अपने पांच सवालों को पीएम तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री पर सामाजिक समस्या पैदा करने का आरोप लगाया। याद दिलाया कि वर्ष 2014 के लोस चुनाव में उसी परेड मैदान में मोदी ने चुनावी जनसभा की थी। तब वह भाजपा में होने की वजह से उस मंच पर खुद मौजूद थे। उस समय मोदी ने वादा किया था कि वह दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देंगे।
इस हिसाब से पांच साल में 10 करोड़ नौकरियों के अवसर सृजित होने चाहिए थे, लेकिन वादा हवाई निकला। इसी तरह दूसरा सवाल उन्होंने गंगा की अविरलता से जुड़ा हुआ दागा। योगेश का कहना था कि पीएम खुद को गंगा पुत्र बताकर आए थे, लेकिन गंगा के लिए अनशन करते हुए जान देने वाले पर्यावरणविद प्रो जीडी अग्रवाल की मौत का जिम्मेदार कौन है?
पीएम को इसका जवाब देना चाहिए। इसी तरह उन्होंने मोदी से पूछा कि अपने राजनीतिक गुरुओं को हाशिये पर लाने, खुद को किसानों का हितैषी बताकर उपज का मूल्य न दिलाने और आदर्श ग्राम योजना के नाम पर गांवों को गोद लेकर बदहाल छोड़ने के लिए कौन जिम्मेदार है। पीएम को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। इस मौके पर उत्तराखंड प्रभारी अनुग्रहनारायण सिंह, विजय मिश्रा, बाबा अभय अवस्थी, जावेद उर्फी, राजेश राकेश, नफीस अनवर उपस्थित थे।