सरायअकिल क्षेत्र के तिल्हापुर और गोपालपुर गांव के बीच बीते 26 जून की सुबह आम के पेड़ पर नेवादा गांव के हिमांशू सिंह (22) का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला था। सूचना के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त किया था। अब हिमांशू की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसके बड़े भाई ने हत्या या फिर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नेवादा गांव निवासी विपिन सिंह पुत्र ज्ञान सिंह ने बताया कि उनका भाई हिमांशू सिंह इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। 25 जून को वह इलाके के गोपालपुर गांव में एक घर में वायरिंग करने गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन रात भर घर नहीं पहुंचा। 26 जून की सुबह तिल्हापुर और गोपालपुर गांव के बीच नंट बाबा देवस्थान के पास आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ उसका शव मिला।