अक्सर सुनने को मिलता है कि हेलमेट अधिक लगाने से बाल झड़ने लगते हैं। लेकिन, एसआरएन अस्पताल में एक ऐसा हेलमेट लगाने को मिलेगा, जो बालों को झड़ने से रोकने का काम करेगा। साथ ही नए बाल भी उगाएगा। ऐसा डॉक्टरों का दावा है। इसको हफ्ते में दो बार लगाना पड़ेगा। यह कोई बाइक का नहीं है, बल्कि खासतौर से तैयार किया गया हेयर ग्रोथ हेलमेट (लेजर हेलमेट) है। अगस्त के पहले सप्ताह में त्वचा रोग विभाग में इसकी सुविधा मिलने लगेगी।
हफ्ते में दो व कुल चार सेटिंग के बाद इसका फायदा समझ में आने लगेगा। प्रति सेटिंग में 500 रुपये का खर्च आएगा। मात्र 15 मिनट के लिए इसे लगाना पड़ेगा। चिकित्सकों की मानें तो मौसम में बदलाव के समय बाल झड़ने की समस्या अधिक होती है। इसके अलावा अनियमित दिनचर्या और तनाव की वजह से कम उम्र में ही बाल झड़ने लगते हैं। ऐसे में लोग तमाम प्रकार के तेल और शैंपू का इस्तेमाल करते हैं, जिसका लाभ बहुत कम देखने को मिलता है। शिकायतें आती हैं कि बाल और भी तेजी से झड़ने लगे या सफेद हो गए। जबकि, लेजर हेलमेट का साइड इफेक्ट नहीं है।
क्या है लेजर हेलमेट
यह लेजर ट्रीटमेंट हेलमेट ऐसे प्रभावी लेजर बीम का उत्पादन करता है, जो सीधे स्कैल्प के रोम में जाता है। हल्के से मध्यम बालों के झड़ने से पीड़ित पुरुषों और महिलाओं के लिए एक प्रभावी उपचार है।
इस हेलमेट के जरिये मात्र दस सेटिंग में लोगों के बालों के झड़ने की समस्या को कम किया जा सकता है। इसके अलावा प्रति सेटिंग का खर्च भी कम रहेगा। यह एक प्रकार की चिकित्सीय पद्धति है, जिसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।
- डॉ. अमित शेखर, विभागाध्यक्ष, त्वचा रोग विभाग, एसआरएन अस्पताल