नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (नीट) का आयोजन रविवार को प्रयागराज के 17 केंद्रों में किया गया। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए इस पर कई नए मानक अपनाए गए। ओएमआर पर अभ्यर्थियों का थंब इंप्रेशन लिया गया। प्रयागराज में परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की उपस्थिति 90 फीसदी रही। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खिले नजर आए। बायोलॉजी और फिजिक्स के सवाल आसान लगे। हालांकि, केमिस्ट्री के सवालों ने अभ्यर्थियों को थोड़ा बहुत उलझाया।
विशेषज्ञ मान रहे हैं कि पेपर काफी संतुलित रहा। दोपहर से शाम पांच बजे तक परीक्षा में बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री विषय से संबंधित सवाल पूछे गए। केमिस्ट्री के सवाल कुछ कठिन जरूर थे, लेकिन अभ्यर्थी ने परीक्षा से पहले अगर केमिस्ट्री को फोकस में रखकर तैयारी की होगी तो उसके चयन की संभावना बढ़ जाती है। अब तक यह परीक्षा सीबीएसई कराता था, लेकिन इस बार परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए ) को दी गई है। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए कई नए मानक भी अपनाए गए। पेपर को चार लिफाफों में रखकर चार अलग-अलग सील लगाई गई थी। साथ ही प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए अलग-अलग लिफाफे में पेपर थे। परीक्षा ओएमआर कॉपी पर हुई और प्रत्येक अभ्यर्थी का ओएमआर पर थंब इंप्रेशन भी लिया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभ्यर्थी की जगह कोई दूसरा परीक्षा नहीं दे रहा है। इसके अलावा हर कमरे में कक्ष निरीक्षक और दो अभ्यर्थियों के सामने पेपर की सील खोली गई। साथ ही परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर भी गहनता से जांच-पड़ताल की गई।