अयोध्या के लिए रेलवे दो रूट से चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
प्रयागराज से अयोध्या के लिए महाकुंभ के दौरान रेलवे दो रूट से ट्रेनों का संचालन करेगा। जीएम ने बताया कि प्रयागराज से अयोध्या जाने वाली ट्रेनें वाया फाफामऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर के रास्ते चलेंगी, जबकि अयोध्या से यहां आने वाली स्पेशल ट्रेनें शाहगंज, जाफराबाद, जंघई, फाफामऊ के रास्ते आएंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि फाफामऊ से प्रतापगढ़ होते हुए अभी सिंगल रेल ट्रैक है। ऐसे में ट्रेन क्रॉस करवाने पर 20 से 25 मिनट का अतिरिक्त समय लग जाएगा। इसी वजह से महाकुंभ के दौरान अयोध्या रूट की ट्रेनों केे आने एवं जाने का रास्ता अलग-अलग इस बार रखा जा रहा है।
अपनी जमीन से अवैध कब्जे हटाएगा रेलवे
डीआरएम लखनऊ एसएम शर्मा ने कहा कि उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा प्रयागराज में रेलवे की जमीन में जो अवैध कब्जे हैं उसे हटाया जाएगा। डीआरएम ने कहा कि प्रयाग जंक्शन से प्रयागराज संगम रेल ट्रैक किनारे कुछ अवैध कब्जे हैं। इसी तरह प्रयाग-फाफामऊ रेलखंड पर शिवकुटी के पास और प्रयाग से प्रयागराज जंक्शन के बीच एलआईसी कालोनी के पास भी अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। इसके पूर्व प्रयाग स्टेशन पर जीएम और डीआरएम ने वहां लगाए गए पुस्तक स्टॉल को भी देखा। इस दौरान सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी, स्टेशन प्रबंधक संजय कुमार आदि अफसर मौजूद रहे।
आज चेयरमैन रेलवे बोर्ड के आने की चर्चा
चेयरमैन रेलवे बोर्ड सतीश कुमार रविवार को प्रयागराज पहुंच सकते हैं। यहां वह प्रयाग, फाफामऊ और प्रयागराज जंक्शन का निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि उनके आगमन की शनिवार शाम तक आधिकारिक कार्यक्रम रेलवे की ओर से जारी नहीं हुआ है। इस बारे में सीपीआरओ एनसीआर शशिकांत त्रिपाठी का कहना है कि अगर सीआरबी के आगमन की कोई सूचना आएगी तो जरूर अवगत कराया जाएगा। उधर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का शनिवार को प्रयागराज आगमन सीआरबी के दौरे से ही जोड़कर देखा जा रहा है।