Prayagraj News : महंत नरेंद्र गिरि मौत मामले की जांच करने मठ बाघंबरी गद्दी पहुंची सीबीआई की टीम।
- फोटो : प्रयागराज
महंत नरेंद्र गिरि की मौत प्रकरण की जांच में जुटी सीबीआई ने अब उनके और मठ से जुड़े लेनदेन के मामलों पर नजर टिका दी है। शनिवार को सीबीआई अफसरों ने महंत व मठ से जुड़े खातों की डिटेल खंगाली। यह देखा कि घटना से कुछ दिनों पहले तक मठ या महंत के खुद के खातों से किन-किन लोगों से लेनदेन किया गया। इसके साथ ही सीबीआई की टीम ने मठ का बहीखाता खंगालने वाले दो सेवादारों से भी पूछताछ की।
घटना के बाद सीबीआई टीम के पहली बार मठ पहुंचने पर ही मठ से जुड़े लेनदेन के मामले भी चर्चा में आए थे। मौके से बरामद सुसाइड नोट में भी दो लोगों से लेनदेन का जिक्र किया गया था। इसके अलावा घटना से पहले मठ में बड़ी रकम आने की भी चर्चा रही। इसी को देखते हुए सीबीआई ने अपनी जांच के दायरे में मठ व महंत से जुड़े लेनदेन के मामलों के बिंदु को भी शामिल कर लिया है।