Prayagraj News : नैनी केंद्रीय कारागार।
- फोटो : अमर उजाला।
केंद्रीय कारागार नैनी में शुक्रवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अतीक के बेटे अली और बागपत के अपराधी अनिल धनपत के के बैरकों की तलाशी ली। तीन दिन पहले चेकिंग के दौरान घी के डिब्बे में मोबाइल मिला था। आज की चेकिंग को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। टीम ने अली अहमद से 15 मिनट तक पूछताछ की, इस दौरान जेल अधिकारी दूर रहे। करीब दो घंटे की जांच के बाद टीम वापस लौट गई। अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान कोई भी आपत्ति जनक वस्तु नहीं मिली।
एडीएम सिटी मदन कुमार, डीएसपी जमुनानगर संतोष कुमार मीणा, एसीपी करछना अजीत सिंह चौहान नैनी पुलिस के साथ दोपहर 12 बजे के करीब केंद्रीय कारागार नैनी पहुंचे। टीम ने बैरक की जांच के साथ ही पाकशाला, अस्पताल, हाई सिक्योरिटी सेल, तन्हाई बैरक, मुलाकात स्थल, कैंटीन आदि की जांच की। इसके बाद टीम अस्थायी जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद की बैरक पहुंची। यहां जांच के बाद अधिकारियों ने 15 मिनट तक पूछताछ की।
इस दौरान जेल अधिकारी दूर रहे। टीम ने हाई सिक्योरिटी सेल में बंद कुख्यात अपराधी बागपत के अनिल धनपत की बैरक की भी जांच की। इस दौरान जेल के अंदर सबकुछ सामान्य रहा। टीम ने बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधा व भोजन की गुणवत्ता को भी जाना। कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने से जेल अधिकारियों ने चैन की सांस ली। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शशि कांत सिंह ने बताया कि रूटीन चेकिंग के तहत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आए थे। जांच के दौरान सब कुछ सामान्य रहा।
बंदी रक्षकों से पूछा, कैसे पकड़ा घी के डिब्बे में मोबाइल
रूटीन चेकिंग के लिए केंद्रीय कारागार नैनी पहुंचे अधिकारियों ने बंदी रक्षकों से घी के डिब्बे में मोबाइल मिलने के बारे में भी पूछताछ की। पूछा के सील बंद डिब्बे में कैसे पता चला कि अंदर कोई आपत्तिजनक वस्तु मिली। बता दे कि सोमवार को मुलाकात के दौरान घी के डिब्बे से मोबाइल मिला था। पूछताछ के दौरान पता चला कि राज मिश्रा नामक व्यक्ति बागपत के कुख्यात अपराधी अनिल धनपत के लिए घी के डिब्बे में मोबाइल लेकर जा रहा था।
मोबाइल मिलने के बाद मुलाकातियों की सख्त हुई तलाशी
घी के डिब्बे में मोबाइल पकड़े जाने के बाद मुलाकातियों की तलाशी सख्त कर दी गई है। जेल प्रशासन के साथ बाहर लगे पीएसी के जवान भी मुलाकातियों द्वारा ले जाए जाने वाली वस्तुओं की तलाश कर रहे है। इसी के साथ गेट नंबर एक व गेट नंबर दो पर भी बंदी रक्षक तलाशी ले रहे है। मुलाकात हाता में बंदी रक्षकों के साथ लंबरदार को भी मुलाकातियों द्वारा लाए जाने वाले सामान की निगाह रखने का निर्देश दिया गया है।
नैनी से पुलिस ने एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया
उमेश पाल हत्याकांड में छानबीन में जुटी पुलिस ने नैनी से एक संदिग्ध महिला को हिरासत में ले लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने महिला को पकड़ लिया। उस पर उमेश पाल हत्याकांड में शामिल होने का शक है। एक शूटर के मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर उसको हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड से पहले महिला लगातार शूटर के संपर्क में थी। पुलिस काफी दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
अतीक अहमद के करीबी को एसटीएफ ने नेपाल से दबोचा
उमेश पाल हत्याकांड में चल रही ताबड़तोड़ दबिश के बीच पुलिस ने नेपाल से अतीक अहमद के करीबी कहे जाने वाले क्यूम अंसारी को गिरफ्तारी कर लिया है। आरोप है कि क्यूम अंसारी ने शूटरों की मदद की थी। नेपाल में पेट्रोल पंप का संचालन करने वाले प्रयागराज के क्यूम को नेपाल के कपिलवस्तु से एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। उसे शुक्रवार को देर रात तक प्रयागराज लाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि उससे पूछताछ में एसटीएफ को कुछ और सुराग मिल सकते हैं।