सरायइनायत में राजू हरिजन(28) की हत्या उसकी ही प्रेमिका के पति ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए छह दिन पहले हुए इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा भी बरामद कर लिया। हत्या में गिरफ्तार आरोपी का चचेरा साला भी शामिल था जिसकी तलाश की जा रही है। हत्यारों ने मृतक का प्राइवेट पार्ट भी काट दिया था।
17 जुलाई को कमरे में मिली थी लाश
राजू मूल रूप से बैरहना, कीडगंज का रहने वाला था और किराना की दुकान में काम करता था। माता-पिता की मौत के बाद वह सरायइनायत के जैतपुर में वेदप्रकाश स्वर्णकार के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा। 17 जुलाई को कमरे के भीतर ही उसकी खून से लथपथ लाश मिली थी। सिर कूंचकर व गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की सीडीआर और सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर मृतक के रिश्तेदार अनिल कुमार निवासी बरियारी थाना सरायइनायत को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो हत्याकांड का खुलासा हो गया।