उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के नए डीआरएम मोहित चंद्रा होंगे। सोमवार को रेलवे बोर्ड ने यह आर्डर जारी कर दिया। बोर्ड के ज्वाइंट सेक्रेटरी एसके अग्रवाल द्वारा जारी किए गए आर्डर में उत्तर रेलवे में चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर लोको के पद पर तैनात मोहित चंद्रा को प्रयागराज मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेलवे इंजीनियरिंग सेवा के सीनियर अफसर मोहित चंद्रा ने आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। नार्दन रेलवे में वह दिसंबर 2016 से चीफ इंजीनियर लोको के पद पर तैनात हैं।
इसके पूर्व वह दिल्ली मेट्रो रेलवे कारपोरेशन में जनरल मैनेजर ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस के पद पर भी रह चुके हैं। यूपीएससी में ज्वाइंट सेक्रेटरी, डीएफसीसी में जनरल मैनेजर के पद पर भी वह रह चुके हैं। कानपुर से उन्होंने दसवीं और 12 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। प्रयागराज में वर्तमान समय डीआरएम के रूप में अमिताभ अग्रवाल की तैनाती है। डीआरएम अमिताभ को नई जिम्मेदारी क्या मिलेगी यह निर्णय अभी नहीं हुआ है। हालांकि प्रयागराज में रहने के दौरान कुंभ 2019 का सफल आयोजन उनके खाते में है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है डीआरएम अमिताभ को रेलवे प्रशासन महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।