शहर के लूकरगंज में सोमवार की रात बाइक सवार चार बदमाशों ने शराब के दो सेल्समैनों से एक लाख 85 हजार रुपये लूट लिए। दोनों सेल्समैन राजरूपपुर स्थित शराब की दुकान बंद कर रुपये मालिक को देने जा रहे थे कि तभी लूकरगंज में मंदिर के पास बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
तमंचा दिखाकर रुपये लूट लिए और भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। बदमाशों के हुलिए के आधार पर शहर भर में चेकिंग शुरू करा दी गई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा था। मामले में पुलिस मुखबिरी के एंगल से जांच कर रही है।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले गिरिराज शिवहरे हाईकोर्ट के पीछे एक अपार्टमेंट में रहते हैं। उनका देसी शराब का ठेका राजरूपपुर पुलिस चौकी के पास है। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया की दुकान के सेल्समैन कौशांबी निवासी विपिन पांडे और राकेश तिवारी ने सोमवार रात को 9:00 बजे दुकान बंद की और एक लाख 85 हजार रुपये लेकर बाइक से मालिक गिरिराज शिवहरे के घर जाने लगे।
लूकरगंज में ओवरब्रिज से पहले दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर तुरंत रुपये देने को कहा। विपिन और राकेश ने रुपये बदमाशों को दे दिए। इसके बाद बदमाश उन्हें धमकाते हुए भाग निकले। दोनों सेल्समैन ने इसकी सूचना मालिक गिरिराज को दी, फिर पुलिस को बताया।