इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एलएलबी और बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए मेरिट नीचे आ गई है। बीएएलएलबी में 120 सीटों के लिए अब तक कुल 38 और एलएलबी में 300 सीटों के लिए 177 अभ्यर्थियों ने अभिलेखों का सत्यापन कराके और फीस जमा करते हुए दाखिले की प्रक्रिया पूरी करा ली है। बीएएलएलबी में अगले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए कटऑफ अंक निर्धारित कर दिए गए हैं। 10 एवं 11 जुलाई को बीएसी में प्रवेश के लिए अभिलेखों का सत्यापन होगा।
बीएलएलबी में दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद सोमवार को 17 अभ्यर्थियों प्रवेश भवन में अभिलेखों का सत्यापन कराया। वहीं, एलएलबी में प्रवेश के लिए 96 और एलएलएम में प्रवेश के लिए 96 अभ्यर्थियों ने अभिलेखों का सत्यापन कराया। इन सभी ने फीस जमा कर दाखिला ले लिया। हालांकि इनमें आठ से दस अभ्यर्थियों ने ही ऑनलाइन फीस जमा की और बाकी अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन शुल्क जमा किया। बीएएलएलबी की सीटें अभी खाली हैं, सो अगले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए कटऑफ अंक निर्धारित कर दिए गए हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 161 या अधिक, ओबीसी वर्ग के लिए 139 या अधिक, एससी वर्ग के लिए 104.50 या अधिक कटऑफ निर्धारित किए गए हैं जबकि एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन काउंसलिंग 10, 11 एवं 12 जुलाई और अभिलेखों का सत्यापन 13 जुलाई को होगा। एलएलबी में भी प्रवेश के लिए एक-दो दिन में नए कटऑफ अंक जारी किए जाएंगे। उधर, बीएससी गणित में प्रवेश के लिए ओबीसी एवं एससी वर्ग के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 10 जुलाई और बीएससी बायो में ओबीसी एवं एसी वर्ग एवं बीएससी होम साइंस में सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 11 जुलाई को होगा।
- इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय ने परिसर में संचालित परास्नातक पाठ्यक्रमों और संबद्ध महाविद्यालयों में एमएड में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की तारीख घोषित कर दी है। राज्य विवि परिसर में संचालित एमए हिंदी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति, एमएसडब्ल्यू में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 16 जुलाई, एमकॉम में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 17 एवं 18 जुलाई और एमएड में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 19 एवं 20 जुलाई को होगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनीता यादव के अनुसार काउंसलिंग सुबह 11 से दोपहर दो बजे और 2.30 से शाम 4.30 बजे तक राज्य विश्वविद्यालय के परिसर में होगी और अभ्यर्थियों के प्रवेश मेरिट के आधार पर होंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र की मूल एवं छायाप्रति भी ले जानी है।
एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेशक के लिए मेरिट सूची महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है। प्रवेश की इच्छुक छात्राएं कॉलेज में सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक संपर्क कर सकती है। पहली मेरिट सूची 16 जुलाई को अपराह्न एक बजे तक मान्य होगी।
- एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय में बीएड में प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सूची 10 जुलाई को जारी की जाएगी। प्राचार्य डॉ. लालिम सिंह के अनुसार मेरिट सूची अपराह्न 3.30 बजे विभाग के नोटिस बोर्ड पर लगा दी जाएगी।
इलाहाबाद शरण डिग्री कॉलेज में बीकॉम एवं बीवोक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू होगी। बीकॉम में प्रवेश के लिए सभी वर्ग में 125 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी सुबह नौ बजे से महाविद्यालय में फॉर्म प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। काउंसलिंग सुबह 10 बजे से होगी। वहीं, बीवोक के तहत प्रोसेसिंग एवं ऑटोमोबाइल विषय में दाखिले होंगे। इसके लिए भी काउंसलिंग सुबह 10 बजे से होगी। विज्ञान वर्ग के छात्रों को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। प्रवेश इंटरमीडिएट में प्राप्त अंक/मेरिट के आधार पर होगा।
हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज ने बीए और बीकॉम में प्रवेश के लिए काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्राचार्य डॉ. यूसुफा नफीस के अनुसार काउंसलिंग 11 जुलाई से शुरू होगी काउंसलिंग सुबह 9.30 से दो बजे तक होगी। बीए में 11 जुलाई को रैंक एक से 50, 12 को रैंक 51 से 100, 13 को रैंक 101 से 150, 16 को रैंक 151 से 200, 17 को रैंक 201 से 250, 18 को रैंक 151 से 300, 19 को रैंक 301 से 350 और 20 जुलाई को 351 से अधिक रैंक वालों का दाखिला होगा। वहीं, बीकॉम में 11 जुलाई को रैंक एक से 25, 12 को 26 से 50, 13 को 51 से 75 और 17 जुलाई को प्रतीक्षा सूची वाले अभ्यर्थियों का दाखिला होगा।
जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 11 जुलाई को बीए में प्रवेश के लिए सभी वर्गों में 90 या अधिक अंक पाने वाली छात्राओं एवं एसटी वर्ग की सभी छात्राओं और 12 जुलाई को सभी वर्गों में 80 या अधिक अंक पाने वाली और एसटी वर्ग की सभी छात्राओं की काउंसलिंग सुबह नौ से 12 बजे तक होगी। वहीं, बीकॉम में 11 जुलाई को सभी वर्गों में 90 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों एवं एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों की सुबह नौ से 11 बजे तक काउंसलिंग होगी।