कर्नलगंज में धूप के चलते पसरा सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
पारा पैंतालीस डिग्री के पार हो गया है। मंगलवार को सूबे में सबसे गर्म इलाहाबाद रहा। दिनभर लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल किया तो शाम को गर्म हवाओं ने बेचैनी बढ़ा दी। अस्पतालों की ओपीडी में डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ गई। गनीमत रही कि मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण स्कूल बंद थे। बुधवार को स्कूल खुल जाएंगे और मौसम से राहत की उम्मीद भी कम है। अभिभावक मांग रहे हैं कि स्कूलों में सभी कक्षाओं की छुट्टी सुबह साढ़े दस बजे तक कर दी जाए लेकिन स्कूल प्रबंधन के दबाव में प्रशासन इस पर फैसला नहीं ले पा रहा है। प्रशासन ने अब तक जो आदेश दे रखा है, उसके मुताबिक कक्षा आठ तक के बच्चों की छुट्टी दोपहर 12 बजे तक की जानी है।
दोपहर 12 बजे गर्मी सिर चढ़कर बोल रही है। ऐसे में स्कूलों में छुट्टी को लेकर प्रशासन का आदेश खानापूरी नजर आने लगा है। मंगलवार को इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री रहा जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। दिनभर लू के थपेड़े चलते रहे। सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। घर से बाहर वही निकले, जिन्हें बहुत जरूरी काम था। दिन ही नहीं, शाम को भी गर्मी ने बेचैन रखा और गर्म हवाएं चलती रहीं। भीषण गर्मी के कारण डायरिया के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को अस्पतालों में डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या आम दिनों के मुकाबले काफी अधिक रही। सरकारी नहीं, निजी अस्पतालों में भी वार्ड भरे रहे।