विवाहिता को डेढ़ माह तक घर में बंधक बनाकर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मौका मिलने पर वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकली। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जेठवारा थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता का आरोप है कि 25 दिसंबर 2019 को वह शौच के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसे तीन लोगों ने दबोच कर चार पहिया वाहन में बैठा लिया। वह विरोध करते हुए चिल्लाने लगी तो उसका आरोपियों ने मुंह दबा दिया। परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे। रविवार को वह घर पहुंची।
उसकी आपबीती सुनकर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता अपने जेठ के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि उसे कोहड़ौर में बंधक बनाकर रखा गया था। जहां उसके साथ तीन लोग दुष्कर्म करते रहे। जेठवारा थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की हकीकत का पता लगाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।