Prayagraj News : महंत नरेंद्र गिरि और योग गुरु आनंद गिरि। फाइल फोटो
- फोटो : प्रयागराज
अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की रहस्यमय हालात में मौत का राज खुलने की उम्मीदें एक बार फिर जगी हैं। दरअसल सीबीआई के हाथों एक ऑडियो क्लिप लगी है जो इस मामले के खुलासे में अहम सबूत साबित हो सकती है। कहा जा रहा है कि इस क्लिप में आनंद गिरि की आवाज है और इसी की पुष्टि के लिए सीबीआई ने उसके वॉइस सैंपल लेने की कोर्ट से अनुमति मांगी है। आवाज आनंद गिरि की है या नहीं इस मामले पर आज सुनवाई होगी।
जानकारों का कहना है कि वॉइस सैंपल लेने का मतलब है कि सीबीआई के हाथ कोई ऑडियो क्लिप लगी है, जिसमें आनंद गिरि की आवाज होने की आशंका है। यही वजह है कि उस क्लिप में सुनाई दे रही और आनंद गिरि की आवाज की मैचिंग कराए जाने का निर्णय लिया गया है। एक आशंका यह भी जताई जा रही है कि ऑडियो क्लिप फोन पर हुई किसी बातचीत की हो। जिसमें महंत से जुड़ी कोई ऐसी बात की गई हो जो उनकी मौत के मामले के खुलासे में बेहद अहम रोल अदा कर सकती हो।
आनंद गिरि की आवाज के नमूने की अर्जी पर सुनवाई आज
महंत नरेंद्र गिरि को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल में बंद आनंद गिरि की आवाज के नमूने का परीक्षण कराने की सीबीआई की अर्जी पर सुनवाई के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरेंद्र नाथ ने 12 नवंबर की तिथि नियत की है। अदालत ने कहा कि 12 नवंबर को आनंद गिरि सहित तीनों आरोपितों की न्यायिक अभिरक्षा भी समाप्त हो रही है। न्यायिक अभिरक्षा और आवाज परीक्षण नमूने की अर्जी दोनों की एक साथ सुनवाई की जाएगी। मामले की विवेचना कर रहे सीबीआई के अधिकारी केएस नेगी ने सीजेएम की अदालत में अर्जी दाखिल कर नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में सच्चाई को सामने लाने के लिए आनंद गिरि की आवाज का नमूना लिए जाने की अनुमति मांगी है।