प्रयागराज के सभी 81 नाले किए जाएंगे टैप
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की अनुमोदित परियोजनाओं के तहत 15 नालों की भी टैपिंग कराई जाएगी। इसके बाद प्रयागराज के सभी 81 नाले टैप हो जाएंगे। मौजूदा समय 39 नाले अनटैप्ड हैं। इनमें से 24 नालों की टैपिंग को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। शेष 15 की टैपिंग के कार्यों का अनुमोदन इस बैठक में किया गया। नगर निगम की अनुमोदित परियोजनाओं में नौ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी। अन्य कई मार्गों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं सुंदरीकरण कराया जाएगा।
दुधिया रोशन से जगमगाएगा पूरा शहर और आसपास का क्षेत्र
जवाहरलाल नेहरू रोड से यूनियन बैंक से परिमल प्रकाश मार्ग होते हुए जलकल विभाग कार्यालय अल्लापुर तक, केपीयूसी से इंडियन प्रेस चौराहे तक, वाराणसी मार्ग हाबूसा मोड से सहसों चौराहे तक, कानपुर जीटी रोड गुरुद्वारा से मंदर मोड़ तक, कर्नलगंज इंटर कॉलेज से फिनिक्स हॉस्पिटल होते हुए एलआईसी रोड तक, नैनी बांध रोड डीपीएस स्कूल से मवैया तिराहे होते हुए सरस्वती हाइटेक सिटी तक, सीएमपी डिग्री कॉलेज से मालवीय रोड होते हुए पार्वती हॉस्पिटल तक प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी। सहसों चौराहे से अंदावा चौराहे तक हाई मास्ट स्थापित कराई जाएगी। इसी तरह रीवा रोड लैप्रोसी चौराहे से मामा भांजा चौराहे तक पुरानी सोलर लाइट के स्थान पर नई एलइडी लाइट लगाई जाएगी।
कुंभ मेला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को भी बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए वाहनों की खरीद की जाएगी। शहर के चार प्रमुख मार्गों के प्रवेश द्वार पर थेमेटिक गेट बनवाए जाएंगे। इसके तहत कानपुर एवं वाराणसी प्रवेश द्वार कवर किए जाएंगे। चार स्थानों पर थिमेटिक इंस्टालेशन भी कराए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की अनुमोदित परियोजनाओं में साल स्लीपर एवं साल एजिंग की आपूर्ति के साथ मनकामेश्वर मंदिर के सामने वाथी सड़क के सुधार का काम शामिल है।