शीशगढ़। जगत गांव के लिंक रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता से नकदी लूट ली। विरोध करने पर उसके चेहरे पर चाकू से वार कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में एनसीआर दर्ज कर पीड़ित को मेडिकल के लिए भेजा है।
जगत गांव के रहने वाले वीरपाल ने बताया कि वह सब्जी बेचते हैं। रविवार रात नौ बजे वह रामपुर के थाना खजुरिया के गांव पिपलिया की बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही गांव के लिंक रोड पर पहुंचे तो वहां खड़े तीन नकाबपोश बदमाशों ने लाठी मारकर बाइक गिरा दी। इसके बाद उससे तीन हजार रुपये लूट लिए। जब उसने विरोध करने की कोशिश की तो चेहरे पर चाकू से वार कर दिया।
इसी दौरान शीशगढ़ के एक भट्ठे पर जा रहे लोग अपनी कार लेकर वहां से गुजरे। उन्हें आता देख बदमाश फरार हो गए। कार सवारों ने उसे घर पहुंचाया। परिजन रात में ही उसे थाने लेकर पहुंचे। मामले में इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि शराब के नशे में शिकायतकर्ता का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। लूट की बात गलत है।