नखास कोहना खलीफा मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरुण केसरवानी के खिलाफ शाहगंज थाने में दर्ज हुए मुकदमे के खिलाफ व्यापारियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने शाहगंज थाने का घेराव भी किया। व्यापारी नेता अरुण केसरवानी से हुई मारपीट के विरोध में खलीफा मंडी और नखास कोहना की कई दुकानें भी बंद रहीं। इस मामले में प्रयाग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एसएसपी से भी मुलाकात की।
प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा ने कहा कि नखास कोहना खलीफा मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरुण केसरवानी के खिलाफ दो अक्तूबर को शाहगंज थाने में झूठा मुकदमा दर्ज हुआ। व्यापारी नेता अरुण केसरवानी के अनुसार पहले बादल केसरवानी एवं उसके परिवार ने अरुण केसरवानी की दुकान पर आकर उनके लड़के के साथ मारपीट की, इसके बाद जब अरुण केसरवानी अपने लड़के के साथ बादल केसरवानी की दुकान पर पहुंचे तो वहां दोनों पक्ष के बीच गहमागहमी की स्थिति हो गई।
इसका आधा अधूरा वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। इसके पूर्व व्यापारियों ने शुक्रवार को पहले शाहगंज थाने का घेराव किया। वहां कोई सुनवाई न होने पर व्यापारी एसएसपी के पास चले गए। वहां पर अरुण केसरवानी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर मामले पर क्रास एफआईआर करने की मांग की गई।
कहा कि अगर एकतरफा कार्रवाई हुई तो व्यापारी शहर के संपूर्ण बाजार को बंद करने का आह्वान करेंगे। विजय अरोरा ने बताया कि एसएसपी ने अरुण केसरवानी के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करने के साथ ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान मो. कादिर, सोहैल अहमद, सुशील खरबंदा, शिवशंकर सिंह, महमूद खान, लवकुश केसरवानी, धनंजय सिंह, सरदार प्रीतम सिंह, अतुल केसरवानी, अखिलेश सिंह, नरेंद्र खेरा, श्याम केसवानी, अजय केसरवानी आदि मौजूद रहे।