देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ने 12 सितंबर से अब तक कई कीर्तिमान बना दिए हैं। नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बीते 16 फेरे के दौरान एक भी दिन लेट नहीं हुई। इस दौरान 30 सितंबर के अलावा हर रोज यह ट्रेन समय से पहले ही प्रयागराज जंक्शन पहुंच गई। खास बात यह रही कि 16 में से ट्रेन के दस फेरे ऐसे रहे जब वंदे भारत महज छह घंटे से भी कम समय में नई दिल्ली से प्रयागराज जंक्शन आई।
कोविड-19 की वजह से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन मार्च 2020 में ही बंद हुआ था। दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची की वजह से पिछले माह 12 सितंबर को ही वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू हुआ। सप्ताह में पांच दिन चलने वाली वंदे भारत के 12 सितंबर से तीन अक्तूबर तक कुल 16 फेरे लग चुके हैं।
खास बात यह है कि इस अवधि में ट्रेन एक भी दिन लेट नहीं हुई। 16 में से दस फेरे ऐसे रहे कि जब वंदे भारत ने दिल्ली से प्रयागराज तक का सफर छह घंटे से भी कम समय में पूरा कर लिया। जंक्शन पर इस ट्रेन के आगमन-प्रस्थान का समय 12.08-12.10 बजे है, जबकि वाराणसी दिन में दो बजे वंदे भारत पहुंच जाती है।
देश में सर्वाधिक 104 की औसत स्पीड वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के पिछले 16 में से 13 फेरे ऐसे रहे कि जब वह वाराणसी भी समय से पहले पहुंच गई। कई दिन यह ट्रेन दिन में पौने दो बजे ही वाराणसी पहुंच गई, जबकि लॉक डाउन के पूर्व ऐसा नहीं था। वाराणसी से दिल्ली जाने के दौरान भी ट्रेन की समय पालनता में अच्छा सुधार देखा गया। 12 सितंबर से दो अक्तूबर तक वंदे भारत का अप रेक एक भी दिन नई दिल्ली विलंब से नहीं पहुंचा। पांच दिन ट्रेन समय से पहले ही नई दिल्ली पहुंच गई।
- जीएम एनसीआर राजीव चौधरी द्वारा हर एक ट्रेन की एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच की समय पालनता की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। इसी वजह से वंदे भारत के साथ अन्य दूसरी एक्सप्रेस ट्रेनों की समय पालनता बेहतर हो गई है। - अजीत कुमार सिंह, सीपीआरओ एनसीआर।