इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में पांच सितंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में आने के लिए नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने आने की सहमति दे दी है। उन्हें समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। उनकी सहमति मिलने के बाद इविवि में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इविवि के पीआरओ डॉ. चित्तरंजन कुमार सिंह ने पिछले दिनों दिल्ली में कैलाश सत्यार्थी से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया। पीआरओ के अनुसार कैलाश सत्यार्थी ने आने की सहमति दे दी है और उनके कार्यालय की तरफ से कुलपति कार्यालय और रजिस्ट्रार के कार्यालय को स्वीकृति पत्र भी मिल चुका है। समारोह में कैलाश सत्यार्थी के हाथों ही छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इविवि के कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू का कहना है कि अबर हर वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। हर छात्र के जीवन में यह पल एक बार ही आता है। हम इस अवसर को विशेष बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।