अमर उजाला द्वारा पिछले दिनों ही ईएमआई से किराया देने संबंधी समाचार भी प्रकाशित किया था। फिलहाल आईआरसीटीसी ने अमर उजाला की खबर पर अपनी मुहर लगाते हुए पहली बार स्वदेश दर्शन ट्रेन की किराया ईएमआई से लिए जाने का विकल्प यात्रियों को दे दिया है। कुछ बैंक के जरिये तीन वर्ष तक महज 536 रुपये प्रति माह किस्त देकर यात्रा कर सकते हैं। इसमें तीन माह की भी न्यनूतम ईएमआई है। इसका किराया पांच हजार रुपये से कुछ ज्यादा है।
प्रयागराज संगम स्टेशन से मिलेगी स्वदेश यात्रा ट्रेन
15 अक्तूबर को चल रही आईआरसीटीसी की स्वदेश यात्रा ट्रेन प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन भी आएगी। ट्रेन सुबह गोरखपुर से चलकर वाराणसी होते हुए प्रयागराज संगम आएगी। इस दौरान यात्री ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ और नागेश्वर ज्योर्तिलिंग की यात्रा इसके माध्यम से कर सकेंगे। इसके साथ ही द्वारिकाधीश मंदिर की भी यात्रा कराई जाएगी। 22 अक्तूबर तक सात रात एवं आठ दिन के इस पैकेज में यात्रा के दौरान नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शाकाहारी भोजन, स्थानीय यात्रा नॉन एसी बसों द्वारा तथा धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था इत्यादि सम्मिलित हैं। आईआरसीटीसी की बेवसाइट से ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकती हैे।
15 अक्तूबर को चल रही स्वदेश दर्शन यात्रा ट्रेन में ईएमआई पहली बार लागू किया जा रहा है। यह ट्रेन आठ दिन में चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी। इसके बाद एक अन्य ट्रेन दक्षिण भारत को जाएगी। उसका शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। - अजीत सिन्हा, क्षेत्रीय प्रबंधक आईआरसीटीसी