कर्नलगंज में शनिवार आधी रात हिट एंड रन का मामला सामने आया। यहां बेकाबू एसयूवी कार ने श्रद्धालुओं से भरे ई रिक्शे में टक्कर मार दी जिससे वह पलट गया। घायलों को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। उधर आरोपी कार चालक का रात तक पता नहीं चल सका था।
प्रतापगढ़, बाघराय का रहने वाला कमल कुमार शहर में रहकर ई रिक्शा चलाता था। शनिवार रात दो बजे के करीब वह लखनऊ के चिनहट से आए संदीप कुमार व उनके परिवार को लेकर संगम जा रहा था। अभी वह हॉलैंड हॉल हॉस्टल के सामने ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार सफेद एसयूवी आई। अचानक कारसवार नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी ने आगे जा रहे ई रिक्शे में टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर से ई रिक्शा पलट गया और उसमें बैठे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई।
श्रद्धालुओं में महिलाओं के साथ ही चार बच्चे भी थे जिन्हें हल्की चोटें आईं। हालांकि चालक कमल को गंभीर चोटें आईं। इस दौरान मौका पाकर आरोपी चालक कार लेकर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को एसआरएन अस्पताल ले गई। जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। उधर अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।
धूमनगंज के बम्हरौली में अज्ञात बाइक की टक्कर से हत्यारोपी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गीता देवी पत्नी कैलाश निवासी बाकराबाद धूमनगंज शनिवार रात नौ बजे के करीब बम्हरौली चौकी के सामने सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान अज्ञात बाइकसवार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर चोटें आने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि 2013 में हुए टंडन हत्याकांड में पति के साथ मृतक महिला भी जेल भेजी गई थी। हालांकि बाद में वह जमानत पर रिहा हो गई थी। महिला की मौत से उसके परिवार में कोहराम है।