प्रयागराज। जिले इस साल बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अक्तूबर में नवरात्र के मौके पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत हाईटेक ऑडीटोरियम का शिलान्यास होना है। कलश स्वरूप में प्रस्तावित ऑडीटोरियम के लिए 12 हजार गज जमीन दी है। इसमें 15 सौ लोगों की व्यवस्था होगी। कार्यदायी संस्था पीडीए ने चंढीगढ़ की एक कंपनी से डीपीआर तैयार करा लिया है। करीब 32 करोड़ की लागत से बनने वाले ऑडीटोरियम का निर्माण 18 महीने में कराने की योजना है। जल्द ही इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।
स्मार्ट सिटी कंपनी की ऑडीटोरियम निर्माण की यह बहुप्रतीक्षित योजना को अमली जामा पहनाने में करीब तीन वर्ष लगे। कुंभ के पहले की इस योजना में हर बार जमीन का रोड़ा रहा। शहर के बीच दस हजार वर्गगज से अधिक जमीन के चयन का काम अब पूरा हुआ है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने चैथम लाइन एनसीसी मैदान के बगल की अपनी कीमती 12 हजार वर्ग मीटर जमीन स्मार्ट सिटी कंपनी को दी है। इस संबंध में जिला प्रशासन, स्मार्ट सिटी कंपनी और इविवि के बीच इस संबंध में कागजी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं।
Auditorium
- फोटो : पिक्साबे
जमीन मिलने के बाद ऑडीटोरियम निर्माण की इस बहुप्रतीक्षित योजना के लिए पीडीए को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। पीडीए ने चंढीगढ़ की एक आर्कीटेक्ट कंसल्टेंट कंपनी से डीपीआर तैयार करा लिया है। जिसमें भवन के साथ बिंदुवार आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता के साथ इसे हाईटेक बनाया जाएगा। यहां पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के सभी उपाय किए जाने का प्रावधान रहेगा।
वास्तुकला का अद्भुत नमूना होगा नया ऑडीटोरियम
जिले का पहला सरकारी और सबसे बड़ा ऑडीटोरियम वास्तुकला का अद्भुत नमूना होगा। आर्कीटेक्ट कंसल्टेंट कंपनी ने सुविधाओं और संगमनगरी की गरिमा के लिहाज से इसे कलश स्वरूप में बनाने की डिजायन तैयार की है। ऑडीटोरियम की दीवारों पर वास्तुविदों की सलाह पर नक्काशी और चित्रकारी भी की जाएगी। जिससे इसकी भव्यता दूर से दिखे।
prayagraj news : प्रयागराज विकास प्राधिकरण।
- फोटो : prayagraj
हर तरफ होगी हरियाली, फूड कोर्ट और दो कांफ्रेंस हॉल भी होंगे
नए ऑडीटोरियम में हर तरफ हरियाली विकसित की जाएगी। चारों तरफ खुला हरी घास वाला मैदान रोशनी के लिए छोड़ा जाएगा। 1500 लोगों के बैठने की क्षमता के इस ऑडीटोरियम में मुख्य भवन से इतर तीन मंजिला साथ के भवन में दो कांफ्रेंस हॉल बनाए जाएंगे। एक प्रदर्शनी स्थल भी होगा। फूड कोट्र, आधुनिक रसोई के साथ एक फूड काउंटर के साथ जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मैदान में खड़े होंगे 30 वीआईपी वाहन, दो सौ कारों के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था
स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनने वाले ऑडीटोरियम में एक साथ दो कार पार्किंग की अंडरग्राउंड व्यवस्था की जाएगी। वाहनों को परिसर में खड़ा करने की मनाही होगी। ऑडीटोरियम के सामने मैदान में 30 वीआईपी पार्किंग की सुविधा होगी।
ऑडीटोरियम में रहेंगी ये सुविधाएं
नए प्रेक्षागृह का संपूर्ण भवन में वातानुकूलित होगा
लाइट एंड साउंड के सभी प्रबंध आधुनिक होंगे
प्रवेश द्वारों पर सेंसर, भवन में आग से बचाव के इंतजाम होंगे
एक प्रदर्शनी हॉल में प्रदर्शित होंगी गाथाएं, शहर के स्थल
नए ऑडीटोरियम का निर्माण शहर के
लिए बड़ी सौगात होगा। इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण के इंतजामों के साथ हरियाली के विशेष इंतजाम होंगे। यह भवन वास्तुकला का नमूना होगा। निर्माण कार्य की अवधि 18 महीने निश्चित की गई है, लेकिन इसे समय से पहले गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें 45 दिन लगेंगे। - संजय गोयल, कमिश्नर प्रयागराज मंडल