उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सेना और पुलिस में बेटियों की भागीदारी तेजी से बढ़ने लगी है। पीसीएस-2021 में डिप्टी एसपी के 25 में से 12 पदों पर बेटियों का कब्जा रहा। वहीं, डिप्टी कलेक्टर के 31 फीसदी पद बेटियों के नाम रहे। पीसीएस-2021 में 29 प्रकार के कुल 627 पदों में से एक चौथाई पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
सबसे अधिक 29 महिला अभ्यर्थियों प्रधानाचार्य के पद पर चयनित हुईं हैं। कुल 627 पदों में से 141 पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। खंड विकास अधिकारी के 36 फीसदी पद महिला अभ्यर्थियों के खाते में आए हैं। बीडीओ के 39 में से 14 पदों पर बेटियों का चयन हुआ है। इसके अलावा डिप्टी जेलर के 20 फीसदी पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। 30 में से छह पद महिला अभ्यर्थियों को मिले हैं।
वहीं, जेल अधीक्षक के नौ में से दो पदों पर भी महिला अभ्यर्थियों ने चयनित होकर साबित किया है कि वे किसी से पीछे नहीं हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार के 18 फीसदी पदों, वित्त एवं लेखाधिकारी के 25 फीसदी पदों, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं वर्क अफसर के शत प्रतिशत पदों, एक्साइज इंस्पेस्क्टर के 23 फीसदी पदों और टेक्निकल असिस्टेंट (केमेस्ट्री) के 50 फीसदी पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।