इविवि के होनहारों ने लहराया परचम
पीसीएस-2021 में इलाहबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के होनहारों ने भी परचम लहराया। इविवि के पूर्व छात्र उमेश का चयन सब रजिस्ट्रार तो सुशील मिश्रा का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ। वहीं, इविवि के छात्र रहे रविश अग्रहरि भी डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुए हैं। इविवि की छात्रा रहीं डॉ. अमिता सिंह और छात्र रहे सोनू भी पीसीएस-2021 में चयनित हुए हैं। इनके अलावा इविवि के हॉस्टलों में रह रहे छात्रों और पूर्व छात्रों का बड़ी संख्या में पीसीएस में चयन हुआ है।
दो मित्रों ने प्रवक्ता से प्रधानाचार्य तक पूरा किया सफर
करीबी मित्रों राजू यादव और मोहम्मद रफीक का चयन पीसीएस-2021 में प्रधानाचार्य के पद पर हुआ है। प्रयागराज से जुड़े दोनों मित्र एडेड इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं और साथ मिलकर पीसीएस की तैयारी की।
पीसीएस-2021 में इविवि के साथ ही प्रयागराज की डेलीगेसियों में रहकर तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का भी बड़ी संख्या में चयन हुआ है। आगरा के पूर्ति निरीक्षक रमाकांत सिंह का चयन प्रधानाचार्य के पद पर हुआ है। प्रयागराज से उनका जुड़ाव रहा है। वौचारिक शिक्षक संघ ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
तिलक नगर अल्लापुर के रहने वाले चेतन त्रिपाठी का चयन प्रधानाचार्य के पद पर हुआ है। वहीं, लखनऊ सचिवालय में सेक्शन अफसर विजय सिंह का चयन प्रधानाचार्य के पद पर हुआ है। उन्होंने भी प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की शुरुआत की थी। 45 वर्षीय विजय का मानना है कि सफलता के लिए उम्र कोई मानक नहीं होती। निरंतर डटे रहें तो सफलता जरूरी मिलेगी। इनके अलावा प्रयागराज की ही रश्मि यादव आबकारी निरीक्षक के पद पर चयनित हुईं हैं। आनापुर के रहने वाले कुलश्रेष्ठ तिवारी का डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन हुआ है।