इलाहाबाद को लखनऊ से जोड़ने वाले फाफामऊ पुल से लेकर तेलियरगंज बाजार तक जाम का झाम अगले कुछ समय में खत्म होने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) यहां गंगा पर टू लेन के पुल के बगल में टू लेन का ही नया पुल बनाने जा रहा है। इसके बाद यह फोरलेन हो जाएगा। इसके लिए सर्वे का काम तेजी से जारी है। पुल के साथ तेलियरगंज चुंगी से एमएनएनआईटी गेट तक तथा फाफामऊ से शांतिपुरम तक एलीवेटेड सड़क बनाने की भी योजना है। इसके साथ तेलियरगंज बाजार में सड़क भी चौड़ी की जाएगी। एनएचएआई के अफसरों ने इसके लिए दो दिन पहले इलाहाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष समेत अन्य अफसरों के साथ बैठक की, जिसमें महायोजना के मुताबिक पुल बनाने की योजना तैयार की गई।
स्टेनली रोड इलाहाबाद से लखनऊ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इस सड़क पर तेलियरगंज बाजार से फाफामऊ पुल तक आए दिन जबरदस्त जाम लगता है। यहां गंगा पर अभी एक मात्र पुल है जो दो लेन का है। इस पुल पर किसी बड़े वाहन के खराब हो जाने पर स्थिति बेहद खराब हो जाती है। ऐसे में इसके बगल में दूसरा पुल बनाने की मांग लंबे समय से हो रही है। कुंडा से रायबरेली होकर लखनऊ तक सड़क फोरलेन होने के बाद तथा फाफामऊ से कुंडा के बीच सड़क चौड़ीकरण के काम के बीच एनएचएआई ने यहां गंगा पर नया पुल बनाने की योजना तैयार की है। ताकि इलाहाबाद से लखनऊ के बीच पूरी सड़क चौड़ी होने के बाद इस हिस्से में जाम की समस्या न रहे।
इसके लिए एनएचएआई के अफसरों ने मंगलवार को एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय, मुख्य नगर नियोजक पीके सोलंकी एवं अधिशाषी अभियंता आरडी राय के साथ बैठक कर महायोजना के मद्देनजर पुल बनाने की योजना तैयार की। अफसरों ने बताया कि नया पुल कर्जन ब्रिज और वर्तमान टू लेन पुल के बीच में बनाया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष श्री पांडेय ने चुंगी से एमएनएनआईटी गेट तक तथा फाफामऊ की ओर शांतिपुरम तक एलीवेटेड सड़क बनाने का सुझाव दिया। इसके साथ तेलियरगंज में एमएनएनआईटी से चुंगी तक सड़क चौड़ीकरण का भी सुझाव दिया गया। इस हिस्से में सड़क चौड़ी होने के साथ नए पुल से ऊपर-ऊपर दोनों तरफ एलीवेटेड सड़क बनने से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।