घुमंतू गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने रविवार को बड़ा खुलासा किया। दावा किया कि जिले में पूर्व में हुए पांच सनसनीखेज हत्याकांडों को इसी गिरोह ने अंजाम दिया। इनमें सोरांव के एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के साथ ही मांडा, नवाबगंज दोहरा हत्याकांड भी शामिल है। लूट की नीयत से घर में घुसकर इन वारदातों को अंजाम दिया गया। गिरोह केसदस्यों के कब्जे से हसिया, रम्भा, चापड़, पेचकस, प्लास समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस ने एक दिन पहले मुठभेड़ के दौरान मांडा में प्रदीप कुमार जोशी व अनीस खरवार और थरवई में बलिराम उर्फ बल्ली को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के बाद देर रात सोरांव के बनकट गांव में स्थित डेरे से अमराज, संडोल और सुमित खरवार को पकड़ा गया। साथ ही उनकी निशानदेही पर कोतवाली के बादशाही मंडी निवासी सोनार विक्रम उर्फ बबलू गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया। बताया कि उन्होंने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर जिले में कई सनसनीखेज हत्याकांडों को अंजाम दिया।