शहर में पांच अंडर रेल ब्रिज (आरयूबी) के चौड़ीकरण का काम शीघ्र शुरू होगा। अगस्त 2018 तक यह काम पूरा कर लिए जाने का दावा रेलवे और जिला प्रशासन ने किया है। दिल्ली के रेल भवन बुधवार की देर शाम कुंभ मेले से जुड़ी रेलवे की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में अफसरों ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को बताया कि सोहबतियाबाग, सीएमपी डिग्री कालेज, कुंदन गेस्ट हाउस, शिवकुटी एवं दारागंज रेलवे स्टेशन के पहले आरयूबी चौड़ीकरण का काम अगले माह तक पूरा कर लिया जाएगा।
सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में हुई बैठक में रेलमंत्री ने निर्देश दिया कि कुंभ मेले के लिए इलाहाबाद एवं आसपास के सभी स्टेशन वाई-फाई से लैस कर दिए जाएं। वर्तमान समय इलाहाबाद जंक्शन ही वाई फाई से लैस है। उनके इस निर्देश के बाद कुंभ के पूर्व अब इलाहाबाद सिटी, दारागंज, झूंसी, सूबेदारगंज, नैनी, इलाहाबाद छिवकी, प्रयाग, प्रयागघाट और फाफामऊ स्टेशन भी वाई फाई से लैस कर दिए जाएंगे। बैठक में रेलवे और जिला प्रशासन के अफसरों ने बेगम बाजार, एमएनएनआईटी, फूलपुर और रामबाग में बन रहे रेल ओवर ब्रिज को अक्तूबर 2018 तक पूरा कर लिए जाने की भी बात कही। कर्जन ब्रिज को लेकर कहा गया कि कुछ कागजी कार्रवाई को पूरा करने के पश्चात इसके पर्यटन और विरासत स्थल के रूप में राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा।
अगले वर्ष कुंभ मेले के दौरान वाराणसी अप्रवासी भारतीय सम्मेलन (एनआरआई) आयोजित किया गया है। 21 से 23 जनवरी के बीच आयोजित इस सम्मेलन के संपन्न होने के बाद एनआरआई को इलाहाबाद लाया जाएगा। यहां कुंभ मेला दिखाने के बाद सभी एनआरआई को अत्याधुनिक कोच वाली स्पेशल ट्रेनों से दिल्ली भेजा जाएगा। इसके लिए कुल नौ ट्रेनें इस अवधि में रेलवे की ओर से चलाई जाएगी। रेलमंत्री को यह भी बताया गया कि कुंभ मेला के लिए उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक अरुण मलिक को उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे एवं जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए समग्र समन्वय नोडल अफसर बनाया गया है।
दिल्ली के रेल भवन में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने विशेष पर्यटक पैकेज ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। इस पर रेलमंत्री ने भी अपनी सहमति जता दी। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि रेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में 14 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई है। रेलवे 2138.37 करोड़ रुपये खर्च कर यहां शौचालय, बिजली, ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज समेत अन्य कार्य कुंभ से पहले पूरा करा लेगा।
कुंभ के मद्देनजर रेलवे की ओर से 12 करोड़ की लागत से 14 काम पूर्ण कर लिए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा 591 करोड़ रुपये की लागत वाले 32 कार्य प्रगति पर है। रेल मंत्री ने रामबाग स्टेशन पर एक नया फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्देश भी कुंभ मेले के पूर्व बनाने को कहा। इसे कुंभ मेले के पूर्व कर लिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह, मंडलायुक्त आशीष गोयल, आईजी रमित शर्मा, एडीआरएम एके द्विवेदी, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद आदि ने शिरकत की।