धूमनगंज थाने में टीपी नगर के पूर्व चौकी इंचार्ज व पार्षद समेत पांच लोगों पर मारपीट-धमकी देने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। थाना क्षेत्र में रहने वाली कलावती देवी का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। शिकायत पर कार्रवाई की बजाय चौकी इंचार्ज व पार्षद ने उन्हें ही धमकाया और प्रताड़ित किया। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने कोर्ट में गुहार लगाई जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
टीपी नगर के शिवपुर हौली मोहल्ले में रहने वाली कलावती का आरोप है कि आठ अगस्त 2019 को पड़ोसी अर्जुनलाल यादव उर्फ विनोद कुमार उसके घर में झांक रहा था। विरोध पर उस पर ईंट से हमला किया और उसके पति रामजी यादव को भी पीटा। दोनों जान बचाकर भागे तो अपने साले राजू व ससुर ओमप्रकाश के साथ घर में घुसकर मारापीटा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आए तो जान से मारने को धमकाते हुए भाग निकले।
अगले दिन सुबह टीपी नगर चौकी जाने पर सिपाही मिला जिसने उन्हें भगा दिया। रात को फिर आरोपी आए और मुकदमा दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। फोन करने पर 100 नंबर की पुलिस आई और सुबह चौकी पर जाने को कहा। दूसरे दिन शिकायत लेकर उसका पति चौकी पर गया तो वहां पार्षद अमरजीत यादव ने अभद्र बातें कहीं और चौकी प्रभारी ने उसे करीब 12 घंटे तक चौकी पर बैठाए रखा।
साथ ही सुलह करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जेल भेजने की धमकी दी। साथ ही थप्पड़ भी मारे। आरोप है कि शिकायत के बावजूद इलाकाई पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उसकी ओर से कोर्ट में गुहार लगाई गई। कोर्ट के आदेश पर मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी व पार्षद समेत पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया गया। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।