सफाई पर जोर, समय पर पूरे होंगे स्मार्ट सिटी के काम
नए नगर आयुक्त रवि रंजन ने कार्यभार संभाला, जन सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्राथमिकता
प्रयागराज। नवागत नगर आयुक्त रवि रंजन ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने सफाई और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने को प्राथमिकता बताई। बोले, स्मार्ट सिटी के काम समय पर पूरे कराए जाएंगे। नगर निगम अफसरों संग बैठक कर कार्य क्षमता को बेहतर करने का निर्देश दिया।
आईआईटी खड़गपुर में इंजीनियरिंग के छात्र रहे नगर आयुक्त रवि रंजन ने कहा कि शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। हर तरफ सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल जैसी जन सुविधाओं को बेहतर कराएंगे। कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण कर उनकी कार्यशैली में बदलाव लाया जाएगा।
नगर आयुक्त रवि ने कहा कि निगम अफसरों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को तरजीह दें। जन समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। फाइलें और टैक्स जैसी व्यवस्थाएं ऑनलाइन रहें ताकी लोगों को भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने स्मार्ट सिटी, स्वच्छ गंगा मिशन और स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदर्शन बेहतर करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया। बोले कि चुनौतियां बहुत हैं. टीम वर्क से व्यवस्थाएं बेहतर करेंगे।
बिहार में गया के मूल निवासी रविरंजन 2014 बैच के आईएएस अफसर हैं। उन्होंने ऐतिहासिक कुंभ नगरी प्रयागराज में अपनी तैनाती को सुखद बताया। मिर्जापुर में ट्रेनिंग के बाद बतौर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आजमगढ़ में तैनाती रही। पिछले डेढ़ साल से वह लखीमपुर खीरी में सीडीओ के पद पर तैनात रहे। 14 अक्तूबर को शासन ने निवर्तमान नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार को डीएम महराजगंज और उन्हें यहां भेजा। उन्होंने बताया कि बतौर नगर आयुक्त यह उनकी पहली तैनाती है।