टैगोर टाउन में सबसे ज्यादा बकाएदार
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शहरी क्षेत्रों में बम्हरौली में 11312, टैगोर टाउन में 11965, म्योहाल में 7340, कल्याणी देवी में 4685, करेलाबाग में 5152, नैनी में 9444 और रामबाग में 8125 विद्युत उपभोक्ता हैं, जिन्होंने बिल जमा नहीं किया है। विभाग के अधिकारी अब इन सभी उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर ओटीएस योजना का लाभ उठाने के लिए कह रहे हैं, साथ ही नोटिस में यह भी कहा गया है कि 30 जून तक ओटीएस योजना का लाभ नहीं उठाया तो उन्हें डिफाल्टर मानकर कार्रवाई की जाएगी और उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
शहरी क्षेत्र में जहां कुल 57,843 उपभोक्ताओं को नोटिस भेजा गया है वहीं यमुनापार के विद्युत वितरण मंडल प्रथम में 1.40 लाख और मेजा में 1.05 लाख बकायेदारों को नोटिस भेजा जा रहा है। गंगापार के विद्युत वितरण मंडल द्वितीय में 1.08 लाख, फाफामऊ में 97 हजार और हंडिया में 83 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने की प्रक्रिया जारी है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कुल 5.92 लाख बकायेदार ओटीएस योजना के योग्य पाए गए हैं।
साल में लगता है 24 फीसदी ब्याज
बिजली का बिल समय पर न जमा करने पर ब्याज की दर भी काफी ज्यादा है। हर माह दो फीसदी के हिसाब से एक साल का तकरीबन 24 फीसदी ब्याज लगता है। योजना का लाभ लेने पर यह पूरा ब्याज माफ हो जाएगा।