मेगा कैंप में स्मार्ट मीटर और बिल संबंधी शिकायतें दर्ज कराते उपभोक्ता। स्वयं
विद्युत नगरीय वितरण खंड ईयूडीसी-एक के अंतर्गत शुक्रवार को मेगा कैंप का आयोजन हुआ। इसमें उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कुल 13 कैंप लगाए गए। कैंप के दौरान कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 94 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया जारी है।
अधीक्षण अभियंता कृष्णा सारस्वत ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि बिल संबंधी शिकायतों के साथ बिजली कनेक्शन, लोड बढ़ाने-घटाने और अन्य बिजली संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विभाग की ओर से लगाए जा रहे ऐसे कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
करेली उपकेंद्र : 21 में से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
प्रयागराज। करेली उपकेंद्र में आयोजित मेगा कैंप के दौरान उपभोक्ताओं की कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एक्सईएन आरके गौतम ने बताया कि सर्वाधिक 16 शिकायतें बिल संशोधन (बिल रिवीजन) से संबंधित रहीं। इनमें से दस शिकायतों का समाधान कैंप में ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने और त्वरित समाधान के लिए विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की शिकायतों के समाधान पर जताया संतोष
प्रयागराज। अधिशासी अभियंता कार्यालय मेयोहॉल के सामने शुक्रवार को बिजली विभाग की ओर से मेगा कैंप लगाया गया। कैंप में बेली पावर हाउस, मेयोहॉल पावर हाउस और सिविल लाइंस साइट से जुड़े उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराईं। कैंप के दौरान 25 से अधिक उपभोक्ता लिखित शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मेगा कैंप में बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर से जुड़ीं और बिल संबंधी शिकायतें आईं। शिकायत दर्ज कराने के बाद उपभोक्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग की ओर से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगाए जा रहे कैंपों की पहल की सराहना की। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के समाधान पर संतोष जताया। साथ ही विभाग की इस पहल की सराहना की। संवाद
मेगा कैंप में स्मार्ट मीटर और बिल संबंधी शिकायतें दर्ज कराते उपभोक्ता। स्वयं