प्रयागराज। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में बृहस्पतिवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी परिसर स्थित संगम सभागार में सुबह नौ बजे से मतगणना होनी थी।
मतगणना शुरु होने के पूर्व प्रत्याशियों ने मतगणना करने वाले अधिवक्ता सहयोगियों की सूची को देखते हुए आपत्ति की और चुनाव अधिकारी से कहा कि मतगणना में लगाई गई टीम पर उन्हें भरोसा नहीं है। प्रत्याशियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों अथवा प्रत्याशियों की सहमति से तटस्थ अधिवक्ताओं से मतगणना कराए जाने की मांग की। विवाद को देखते हुए मतपेटिकाएं कोषागार से नहीं लाई गई और मतगणना प्रक्रिया रोक दी गई।
सायं तीन बजे अधिवक्ता संघ भवन में चुनाव अधिकारी, एल्डर कमेटी के सदस्य और संघ के अध्यक्ष, मंत्री के साथ प्रत्याशियों की बैठक हुई जिसमें चुनाव अधिकारी द्वारा पूर्व में तय की गई मतगणना सहयोगियों की टीम को निरस्त कर दिया गया और प्रत्याशियों की सहमति से 36 अधिवक्ताओं की नई मतगणना टीम तैयार की गई । बैठक में तय किया गया है कि शनिवार को दस बजे से मतगणना की जाएगी। निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना के लिए मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का निर्णय हुआ है।
चुनाव अधिकारी दिलीप कुमार मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे अध्यक्ष और मंत्री के प्रत्याशी संगम सभागार में मतगणना में उपस्थित होने के लिए पहुंचे थे। प्रत्याशियों को मतगणना करने वाले अधिवक्ता सहयोगियों की सूची से अवगत कराया गया। जिस पर प्रत्याशी भड़क गए और आरोप लगाया कि मतगणना करने वालों में अधिकतर लोग किसी न किसी प्रत्याशी से संबंधित है। इस पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संतोष यादव, राजेन्द्र प्रसाद मिश्र रज्जू , दिनेश श्रीवास्तव, नन्द किशोर नन्दू , सुशील सिंह मंत्री पद के प्रत्याशी प्रमोद सिंह नीरज, विद्याभूषण द्विवेदी, बाबू राम यादव, आलोक शुक्ला, रत्नेश शुक्ला आदि ने चुनाव अधिकारी को लिखित आपत्ति देकर मतगणना रोक देने की मांग की थी। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शीतला प्रसाद मिश्र ने अधिवक्ता और प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण मतगणना में सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में एल्डर कमेटी के चेयरमैन गंगा प्रसाद पांडेय, विनोद चन्द दुबे, राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव, केके मालवीय, कौशलेश कुमार सिंह, चुनाव अधिकारी दिलीप कुमार मिश्र, संघ के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी, मंत्री मनोज सिंह लोकेश, कृष्ण चन्द मिश्र बऊ और प्रत्याशीगण उपस्थित रहे है।