धूमनगंज में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी तुलसीदास समेत चार लोगों की हत्या में गिरफ्तार महिला समेत चार आरोपी शनिवार को जेल भेज दिए गए। उधर यह बात भी सामने आई है कि आतिश अवैध संबंध के साथ ही प्रॉपर्टी को लेकर भी बहन व मां-बाप से खुन्नस खाया हुआ था।
सुपारी देकर इस हत्याकांड को अंजाम दिलाने वाला कारोबारी का बेटा आतिश प्रेमिका को लेकर तो परिजनों से नाराज चल ही रहा था। प्रॉपर्टी को लेकर भी वह बहन व मां-बाप से खुन्नस खाया था। दरअसल वह भोला का पुरवा में 250 वर्ग गज जमीन पर मकान बनवा रहा था। लेकिन वह इसके लिए रुपये दुकान से ही निकालता था और इसकी जानकारी भी पिता को नहीं देता था।
अवैध संबंध की बात सामने आने पर माता-पिता ने प्रीतमनगर स्थित प्रॉपर्टी बहन के नाम करने की बात कही तो उसका माथा ठनक गया। उधर बहन की शादी भी तय हो गई थी। उसे लगा कि प्रॉपर्टी हाथ से निकली तो वह कहीं का नहीं रह जाएगा क्योंकि जमीन भी उसने लोन पर ली थी। इस संबंध में कारोबारी ने एक रिश्तेदार को भी जानकारी दी थी और उसे घर भी बुलाया था। उधर एक और चौंकाने वाली बात यह है कि आतिश के रवैये से उसकी पत्नी प्रियंका इतनी सशंकित थी कि वह उसकी दी या हाथों से बनी कोई चीज नहीं खाती थी।
गिरफ्तार प्रेमिका समेत चारों आरोपी भेजे गए जेल
उधर एक दिन पहले गिरफ्तार प्रेमिका रंजना शुक्ला समेत चारों आरोपी शनिवार को जेल भेज दिए गए। इनमेें हत्या को अंजाम देने वाले राजकृष्ण उर्फ बच्चा व अंकित पासवान के साथ ओला कैब ड्राइवर उमेंद्र द्विवेदी भी शामिल है।