शिलान्यास के लिए कालिंदीपुरम मार्ग पर दो दिन प्रतिबंधित रहेगा यातायात, नए आरओबी से जीटी रोड से बम्हरौली एयरपोर्ट तक की राह होगी आसान। 1500 मीटर लंबा बनेगा जीटी रोड से कालिंदीपुरम तक सूबेदारगंज फोर लेन ओवरब्रिज। 700 मीटर लंबा होगा जीटी रोड पर डबल लेन फ्लाईओवर। 284.21 करोड़ रुपये होंगे इस परियोजना पर खर्च।
चौफटका -बम्हरौली एयरपोर्ट-सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर फोर लेन आरओबी और जीटी रोड से कानपुर रोड पर डबल लेन फ्लाईओवर का 16 अक्तूबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास कालिंदीपुरम स्थित जादूगर मार्केट में होगा। इसके लिए इस मार्ग पर शुक्रवार की सुबह ही यातायात प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। शिलान्यास के दौरान यातायात्र प्रतिबंधित करने के लिए सेतु निगम ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है।
विज्ञापन
इस फ्लाईओवर और आरओबी के लिए 284.21 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। इस आरओबी के निर्माण से न सिर्फ जीटी रोड से एयरपोर्ट तक का रास्ता सुगम होगा, बल्कि कौशांबी के बौद्ध तीर्थस्थली तक की राह आसान हो जाएगी। करीब 1500 मीटर लंबे सूबेदारगंज आरओबी की आधारशिला रखने की तैयारी सेतु निगम की ओर से पूरी कर ली गई है। जीटी रोड पर महिला ग्राम के पास से शुरू होकरकालिंदीपुरम तक यह आरओबी जाएगा। प्रयागराज मंडल का यह सबसे लंबा ओवरब्रिज होगा। जीटी रोड किनारे सेना की जमीन से शुरू होकर सूबेदारगंज स्टेशन के निकट बने रेलवे के ट्रेनिंग सेंटर और उससे लगे बारात घर के ऊपर से गुजरते हुए यह आरओबी कालिंदीपुरम रोड में मिलेगा।
सूबेदारगंज आरओबी से पहले जीटी रोड पर 700 मीटर का डबल लेन फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है। इस फ्लाईओवर को सूबेदारगंज ब्रिज से लिंक किया जाएगा। इस फ्लाईओवर से लोग अब बिना कहीं रुके आरओबी से होकर एयरपोर्ट या कालिंदीपुरम की ओर जा सकेंगे। कालिंदीपुरम के जादूगर मार्केट में इस आरओबी की आधारशिला शनिवार को डिप्टी सीएम रखेंगे। इसके लिए शुक्रवार की सुबह से शनिवार की दोपहर तक इस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।