Prayagraj News : रामनयन द्विवेदी प्रिंसिपल और अशोक तिवारी, सहायक अध्यापक।
- फोटो : प्रयागराज
एसटीएफ ने डीआईओएस को भेजी रिपोर्ट
एसटीएफ ने पेपर आउट कराने के मामले में सोमवार को डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा को रिपोर्ट भेजी। एसटीएफ की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर डीआईओएस ने डॉ.केएन काटजू इंटर कॉलेज की विद्यालय प्रबंध समिति को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इस पर विद्यालय के प्रबंध समिति के अध्यक्ष एसपी शर्मा ने प्रधानाचार्य राम नयन द्विवेदी, प्रवक्ता रसायन विज्ञान आकाश खरे, सहायक अध्यापक विज्ञान डॉ. अशोक तिवारी को निलंबित कर दिया है।
विद्यालय पहुंचे डीआईओएस
प्रधानाचार्य और दो शिक्षकों की गिरफ्तारी के दूसरे दिन सोमवार को यद्यपि कॉलेज खुला रहा। दिनभर कॉलेज में पेपर आउट प्रकरण की चर्चा से माहौल गरम रहा। डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा सोमवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे डॉ.केएन काटजू इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से वार्ता की। अन्य शिक्षकों ने इस मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। प्रबंध समिति के अध्यक्ष से भी वार्ता की। उन्होंने प्रबंध समिति अध्यक्ष को कार्यवाहक प्रधानाचार्य की नियुक्ति के लिए कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है। जल्द ही कमेटी विद्यालय के वरिष्ठतम शिक्षक को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाए जाने के लिए संस्तुति करेगी।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने मांगी रिपोर्ट
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी संजय कुमार उपाध्याय ने इस मामले में डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा से डॉ.केएन काटजू इंटर कॉलेज और भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज केंद्र की रिपोर्ट मांगी है। पीएनपी ने पहले ही निर्देशित किया था कि परीक्षा केंद्र में कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक भी स्मार्ट फोन नहीं ले जाएंगे।
अगर मोबाइल ले भी जाते हैं तो कीपैड वाला ही मोबाइल ले जाएंगे, जिसमें कैमरा न हो। डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि डॉ.केएन काटजू इंटर कॉलेज में सोमवार को जांच करने के लिए पहुंचे थे। बुधवार को भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज में भी जांच के लिए जाएंगे। आरोपी प्रधानाचार्य की बेटी आकांक्षा द्विवेदी की परीक्षा भारत स्काउंट एंड गाइड इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या 15 में थी। इस कक्ष के कक्ष निरीक्षकों से पूछताछ की जाएगी।