धूमनगंज के पीपलगांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां युवक पत्नी और तीन बेटियों को मारकर खुद फांसी पर लटक गया। शाम तक दरवाजा न खुलने पर घरवालों व आसपास के लोगों ने सूचना दी तो पुलिस पहुंच गई। दरवाजा भीतर से तोड़ा तो युवक फांसी पर लटका मिला। जबकि पत्नी की लाश फ्रिज व दो बेटियों की लाश आलमारी व अटैची में मिली। एक बेटी फर्श पर पड़ी हुई थी। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
धूमनगंज के पीपलगांव में उर्फ शाह गांव का रहने वाला मनोज कुशवाहा उर्फ भल्लू (35) इलाके का समृद्ध किसान था। उसकी शादी अकोढ़ा निवासी सुनीता से कई साल पहले हुई थी। साथ में ही पिता गुलाबचंद व भाई गोपाल व उसकी पत्नी साधना रहती है। मनोज की तीन बेटियां सृष्टि (8), शिवानी(6) व सोनू (3) थीं। पिता गुलाबचंद ने बताया कि रोज की तरह सुबह वह खेत चला गया। शाम करीब पांच बजे जब वह खेत से वापस घर पहुंचा तो मनोज का कमरा बंद मिला। कमरे से टीवी चलने की आवाज आ रही थी लेकिन कई बार पुकारने के बाद भी जवाब नहीं मिला।
उसने बगल के कमरे में मौजूद साधना से पूछा तो उसने बताया कि दोपहर से तेज आवाज में टीवी चल रहा है। लेकिन कमरा बंद है। कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो प्रधान रामानंद पाल को बुलाया गया। तब तक आसपास के लोग भी जुट गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। रात में पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि मनोज साड़ी से बने फंदे में फांसी पर लटका हुआ था। बगल में ही फर्श पर बेटी शिवानी मृत पड़ी थी। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने अलमारी खोली तो उसमें सृष्टि और वहीं रखी अटैची में सोनू की लाश मिली। उधर फ्रिज में सुनीता की लाश ठूंसी हुई मिली। मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया। एसएसपी के साथ ही आईजी, एडीजी भी मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
सुनीता और तीन बच्चियों की हत्या कैसे की गई, इसे लेकर अफसर अभी स्पष्ट नहीं बोल पा रहे हैं। हालांकि घटनास्थल के हालात देखकर यही अनुमान लगाया जा रहा है कि मनोज ने गला घोटकर सभी की हत्या की। दरअसल बच्चियों के गले कपड़ों से कसे मिले थे। हालांकि मझली बेटी शिवानी के मुंह से निकल रहे झाग की वजह से इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है कि मारने से पहले मनोज ने सभी को जहरीला पदार्थ खिलाया हो। फिलहाल पुलिस अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।
मौके पर चर्चा रही कि पति-पत्नी के बीच आए दिन कलह होती थी। दोनों के बीच विवाद की वजह क्या थी, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। घरवालों से पूछताछ की जाएगी।
प्रारंभिक जांच और मौके के हालात देखकर यही माना जा रहा है कि मनोज ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चियों की हत्या की और फिर खुद फांसी पर लटक गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
-नितिन तिवारी, एसएसपी